PM मोदी के हैं तीन नारे लूट, दंगे और लोगों की हत्या: ममता बनर्जी
माथाभांगा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर दोबारा सत्ता में आए तो वह संविधान को ठुकरा देंगे और देश को लोकतांत्रिक की जगह एक ही व्यक्ति पर केंद्रित देश बना देंगे। उन्होंने कूचबिहार में एक रैली में कहा कि मोदी के तीन नारे हैं लूट, दंगे और लोगों की हत्या।
ममता ने मोदी पर साधा निशाना
ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की ही सरकार थी जिसने बांग्लादेश के साथ 2015 में छह दशकों तक चले बस्तियों के मुद्दे का समाधान निकाला। ममता ने कहा कि भाजपा ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के जरिए देश के वैध नागरिकों को शरणार्थी बनाने की कोशिश की है। हम (तृणमूल कांग्रेस) कभी राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अनुमति नहीं देंगे। मोदी कौन होते हैं यह तय करने वाले कि कौन देश में रहेगा और कौन जाएगा।
भाजपा की साजिश से रहना होगा सावधान
ममता ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल देश के वैध नागरिकों को शरणार्थी बनाने की एक और साजिश है। हमें उनकी (भाजपा) भयावह साजिश से सावधान रहना होगा। ममता ने ‘मैं भी चौकीदार’अभियान के लिए मोदी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि 2014 के दौरान किये गए वादे पूरे करने में नाकाम‘चायवाला’अब लोगों को मूर्ख बनाने के लिये‘चौकीदार’बन गया है।