CM भूपेश ने लखनऊ अस्पताल में भर्ती मंत्री रविन्द्र चौबे से की मुलाकात

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) रविवार को मंत्री रविन्द्र चौबे (Ravindra Choubey) का स्वास्थ्य जानने लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश ने अस्पताल में रविन्द्र चौबे से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रविन्द्र चौबे के भाई प्रदीप चौबे से भी मुलाकात की।

इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश ने रविन्द्र चौबे की स्वास्थ्य को लेकर पूछा तो डॉक्टरों ने मंत्री चौबे की स्थिति में सुधार बताया। डॉक्टरों के मुताबिक इसी गति से सुधार हुआ तो वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश ने यह पूरी जानकारी ट्वीट कर दी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट में लिखा, संजय गांधी पीजीआई में अग्रज रविंद्र चौबे से मिला और प्रदीप चौबे जी सहित सभी परिजनों से भी। उनका स्वास्थ्य कल से बहुत बेहतर है। वरिष्ठ डॉक्टरों ने बताया कि इसी गति से सुधार हुआ तो वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।

इससे पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे के स्वास्थ्य को लेकर एक ट्वीट किया। पार्टी ने ट्विटर में एक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें पीजीआई लखनऊ के कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ प्रवीन कुमार गोयल मंत्री रविन्द्र चौबे के स्वास्थ्य को लेकर मीडिया अपडेट दे रहे हैं।

दरअसल, छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे की तबीयत शनिवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें लखनऊ के एक संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि राज्य के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ चुनाव प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *