CM कमलनाथ ने की मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश : बावरिया
भोपाल।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा है। राज्य की 29 में से केवल एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। कांग्रेस केवल परंपरागत छिंदवाड़ा सीट पर ही इस बार जीत हासिल कर पाई। इस सीट पर कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव जीते हैं।
विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के करीब पांच महीने बाद ही कांग्रेस की राज्य में करारी पराजय के साथ कमलनाथ सरकार पर भी विपक्षी पार्टियां अंगुली उठा रही हैं। कमलनाथ के पास दोहरा दायित्व होने से यह माना जा रहा है कि कमलनाथ अध्यक्ष पद छोड़ सकते हैं। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि इस इस्तीफे की पेशकश पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इस पर किसी भी तरह का फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ही करेंगे।
दूसरी ओर मप्र में कांग्रेस की मंत्री इमरती देवी का बयान भी सामने आया है। इसमें इमरती देवी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि सिंधिया इस बार अपनी परंपरागत सीट गुना से लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। इमरती देवी उनकी समर्थक हैं। कल ही भोपाल में कमलनाथ कैबिनेट की बैठक होनी है।