31 संभावित नामों पर बीजेपी कर रही विचार, गौतम गंभीर के नाम पर चर्चा

नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों पर बीजेपी में रस्साकसी जारी है। प्रदेश बीजेपी ने संभावित प्रत्याशियों की लिस्ट बनाकर आगे ‘सरका’ दी है। दोबारा बनाई गई इस लिस्ट में एक बार फिर से सभी वर्तमान सांसदों के अलावा क्रिकेटर गौतम गंभीर को भी शामिल किया गया है। सूत्रों की मानें तो इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल का नाम शामिल नहीं है। इस मसले पर बीजेपी हाईकमान ने प्रदेश नेताओं को संदेश दिया है कि आप चुनाव की तैयारी करें, फाइनल लिस्ट तब ही बनेगी, जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर कोई निर्णय होगा।

संभावित प्रत्याशियों को लेकर प्रदेश नेताओं ने पिछले दिनों 21 लोगों की लिस्ट हाईकमान को भेजी थी, लेकिन हाईकमान ने उसे रिजेक्ट कर नई लिस्ट बनाने को कहा था। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश नेताओं ने माथापच्ची कर अब 31 नामों की लिस्ट बना ली है। इस लिस्ट में सभी वर्तमान सातों सांसदों को शामिल किया गया है। क्रिकेटर गौतम गंभीर को भी शामिल किया गया है। सूत्र बताते हैं कि इस लिस्ट में पार्टी के आला नेता विजय गोयल का नाम शामिल नहीं है, जबकि उनके चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावना थी। बताते हैं कि लिस्ट में फिलहाल पुलिस अधिकारी रहे दीपक मिश्रा का नाम नहीं है, जबकि चर्चा है कि वह बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। इस मसले पर उन्होंने बीजेपी की वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमण से मुलाकात भी की थी।

बीजेपी की संभावित लिस्ट में शामिल कुछ प्रमुख नाम

    नई दिल्ली- रविंद्र गुप्ता, राजेश भाटिया, सतीश उपाध्याय, मोनिका अरोड़ा
    नॉर्थ वेस्ट (रिजर्व सीट)- मोहन लाल गिहारा, अनीता आर्य, योगेंद्र चंदोलिया और रविंदर इंदर राज
    ईस्ट दिल्ली- नकुल भारद्वाज, ओपी शर्मा और कुलजीत चहल
    नॉर्थ ईस्ट- सत्या शर्मा, मोहन सिंह बिष्ट
    चांदनी चौक- सुधांशु मित्तल, अशोक गोयल
    साउथ दिल्ली- रणबीर सिंह बिधूड़ी, ब्रह्म सिंह तंवर, धरमवीर सिंह और रूबी यादव
    वेस्ट दिल्ली- पवन शर्मा, कमलजीत सहरावत

हाईकमान ने प्रदेश के नेताओं को सूचित कर दिया है कि आप लोग चुनाव को लेकर पूरे तौर पर तैयार रहें। हम प्रत्याशियों के चयन को लेकर गंभीरता पूर्वक विचार कर रहे हैं। लेकिन दिल्ली के नाम तब ही फाइनल होंगे, जब यहां पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन का मसला निपट नहीं जाता। इस मसले पर मुख्य प्रवक्ता अशोक गोयल देवराहा का कहना है कि हमारी तरफ से तैयारी पूरी है। नाम की घोषणा होते ही चुनाव प्रचार तेज कर दिया जाएगा।

कौन हैं रूबी यादव
रूबी फिलहाल बीजेपी की सांस्कृतिक विंग की अध्यक्ष हैं। इससे पहले 2015 में वह मिस यूनिवर्स (वेस्ट एशिया) का खिताब जीत चुकी हैं। रूबी 2013 में मिसेज इंडिया क्वीन भी रह चुकी हैं। रूबी 2014 के लोकसभा चुनावों में निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद रूबी भाजपा में शामिल हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *