23 अप्रैल को एमपी में रैली करेंगे राहुल गांधी, 29 को 6 सीटों पर वोटिंग, 2014 में 5 पर जीती थी भाजपा
भोपाल
मध्यप्रदेश में 29 अप्रैल को छह संसदीय सीटों पर वोटिंग होनी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 23 अप्रैल को मध्यप्रदेश में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी 23 अप्रैल को विंध्य और महाकौशल क्षेत्र का दौरा करेंगे। राहुल शहडोल और सिहोरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की 29 सीटों के लिए सभी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। वहीं, बीजेपी ने अभी तक अपने 24 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। पांच सीटों पर मंथन जारी है।
ऐसा होगा राहुल का कार्यक्रम
राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करने के लिए करीब 2.15 बजे शहडोल पहुंचेंगे। यहां वो कांग्रेस उम्मीदवार प्रमिला सिंह के समर्थन में रैली करेंगी वहीं, उसके बाद करीब 4 बजे राहुल गांधी जबलपुर संसदीय सीट के सिहोरा में आम रैली करेंगे। जबलपुर से कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा को उम्मीदवार बनाया है। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी कुल कितनी रैलियां करेंगे अभी तक इसकी जानकारी घोषित नहीं की गई है।
कमलनाथ लगातार कर रहे हैं दौरा
लोकसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार मध्यप्रदेश का दौरा कर रहे हैं। कमलनाथ बुधवार को विंध्य क्षेत्र का दौरा करेंगे वहीं, दूसरी तरफ पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भोपाल संसदीय सीट से चुनाव लड़ने के कारण भोपाल में लगातार जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं।
विधानसभा चुनाव में भी किया था प्रचार
राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश विधानसभा के दौरान भी विंध्य क्षेत्र और महाकौशल में चुनावी सभा को संबोधित किया था। राहुल गांधी ने जबलपुर में रोड शो किया था। राहुल गांधी ने विंध्य क्षेत्र के लिए सतना और रीवा जिले में रैली को संबोधित किया था। इस दौरान राहुल गांधी ने यहां मेड इन सतना और चित्रकूट का नारा दिया था।
किन छह सीटों पर होगा 29 अप्रैल को मतदान
29 अप्रैल को मध्यप्रदेश के सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा संसदीय सीट पर मतदान होगा।
किनके बीच है इन छह सीटों पर मुकाबला
संसदीय सीट भाजपा उम्मीदवार कांग्रेस उम्मीदवार 2014 में कौन जीता था
सीधी रीति पाठक अजय सिंह भाजपा
शहडोल हिमाद्री सिंह प्रमिला सिंह भाजपा
जबलपुर राकेश सिंह विवेक तन्खा भाजपा
मंडला फग्गन सिंह कुलस्ते कमल मरावी भाजपा
बालाघाट ढालसिंह बिसेन मधु भगत भाजपा
छिंदवाड़ा नत्थन शाह नकुल नाथ कांग्रेस