2022 राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को किया गया शामिल

लंदन
इंग्लैंड के बर्मिंघम में वर्ष 2022 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को शामिल करने का फैसला किया गया है। इससे पहले वर्ष 1998 में राष्ट्रमंडल खेलों में क्रिकेट को शामिल किया गया था लेकिन उस वक्त पुरुषों की टीम ने इसमें हिस्सा लिया था और दक्षिण अफ्रीका ने इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। क्रिकेट को लॉस एंजेलिस में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में शामिल करने के प्रयास भी चल रहे हैं। वर्ष 1998 में कुआलालम्पुर में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में क्रिकेट 50 ओवर के प्रारुप में कराया गया था लेकिन बर्मिंघम में इसे ट््वंटी-20 के रुप में कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 27 जुलाई से सात अगस्त 2022 तक चलेंगे। इस दौरान क्रिकेट के सभी मैच एजबस्टन में कराए जाएंगे।

राष्ट्रमंडल खेल संघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष डेम लुइस मार्टिन ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और हम क्रिकेट का एक बार फिर राष्ट्रमंडल खेलों में स्वागत करते हैं। वर्ष 1998 के राष्ट्रमंडल खेलों में कुआलालम्पुर में खेले गए आखिरी क्रिकेट टूर्नामेंट में रिकी पोटिंग, जैक्स कैलिस और सचिन तेंदुलकर जैसे महान खिलाड़ी भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि हमें मानते हैं कि महिला क्रिकेट को विश्व भर में बढावा देने के लिए राष्ट्रमंडल खेल एक बेहतरीन साधन है। हम इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट संघ (आईसीसी) को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने इस खेल को राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल कराने के लिए काफी मेहनत की है। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी ने कहा कि आईसीसी इस फैसले का स्वागत करती है। हमें उम्मीद है कि यह निर्णय महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम साबित होगा। यह वाकई महिला क्रिकेट और क्रिकेट समुदाय के लिए ऐतिहासिक दिन है। साहनी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ट््वंटी-20 प्रारुप सबसे उपयुक्त है। सभी खिलाड़ी जो इन खेलों में शामिल होंगे उनके लिए यह एक अच्छा अनुभव होगा। महिला क्रिकेट लगातार तेजी से बढ़ रहा है और हम राष्ट्रमंडल खेल महासंघ को महिला क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेल में शामिल करने के लिए धन्यवाद देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *