1 लाख का इनामी ‘हवाई’ स्नैचर सलमान गिरफ्तार

 
नई दिल्ली

फ्लाइट से मेट्रो सिटीज में जाकर स्नैचिंग करने वाले एक लाख के इनामी बदमाश सलमान उर्फ 'दांत टूटा' को स्पेशल सेल ने अक्षरधाम के पास से गिरफ्तार कर लिया है। इसी साल जून में वह दिल्ली पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था। दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में वह लूट और स्नैचिंग के लिए कुख्यात है। सलमान कितना खतरनाक है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उस पर मकोका लगा है।

डीसीपी पीएस कुशवाह ने बताया कि सलमान के भागने के बाद से ही एसीपी अतर सिंह के सुपरविजन में इंस्पेक्टर शिव कुमार व ईश्वर सिंह की टीम लगातार उसे ट्रेस कर रही थी। एक सूचना के बाद अक्षरधाम के पास से उसे पकड़ा गया। सेल की टीम को गुमराह करने के लिए उसने अपना नाम अलीजान बताया, लेकिन मुंह खुलवाते ही टूटा दांत देख उसकी असलियत सामने आ गई। दिल्ली में सलमान पर 29 केस, यूपी में 1 और हैदराबाद में 4 मामले चल रहे हैं। उस पर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था। 2015 में बदायूं में पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया था, लेकिन पुलिसकर्मियों पर गोली चला कर वह फरार हो गया था। इसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था।

कुशवाह के अनुसार इसी साल जून में दिल्ली पुलिस के 6 जवान सलमान को पेशी के लिए हैदराबाद लेकर गए थे। पूछताछ में उसने बताया कि पेशी के बाद दक्षिण एक्सप्रेस से उसे वापस दिल्ली लाया जा रहा था। 12 जून तड़के सभी पुलिसकर्मियों की आंख लग गई। दुबला-पतला होने की वजह से उसने हथकड़ी से अपना हाथ निकाल लिया और आगरा से पहले ट्रेन की रफ्तार कम होते ही कूद गया। इसके बाद वह एनएच-2 पर छिपते-छिपाते पहुंचा। वहां से एक कंटेनर में लिफ्ट लेकर गुड़गांव पहुंचा और अपने साथियों से मिला। तब से वह दोस्तों की मदद से खोड़ा कॉलोनी में किराए के कमरे में नाम और पहचान छिपाकर रह रहा था। इस दौरान उसने दानिश, हसन और सोहेल के साथ दिल्ली में गनपॉइंट पर लूट और स्नैचिंग की वारदात की।

भजनपुरा थाने का घोषित बदमाश सलमान 17 साल से जुर्म की दुनिया में फुल टाइम एक्टिव है। पहली बार 2003 में वह चोरी के केस में गिरफ्तार हुआ था। उस पर डकैती, लूट, स्नैचिंग, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट के 33 से अधिक मामले दर्ज हैं। इससे पहले 2017 में उसे गिरफ्तार किया गया था। दांत टूटा नाम से मशहूर सलमान की जिंदगी किसी फिल्मी किरदार से कम नहीं है। वह महंगे शौक रखता है और चेन्नै, मुंबई और हैदराबाद तक इवाई सफर करता है। गर्लफ्रेंड के लिए सब कुछ करने को तैयार रहता है। पुलिस की मानें तो अलग-अलग शहरों में उसने कई गैंग बनाए हुए हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *