सुपौल में हैवानियत, पति संग मेला देखने जा रही महिला से गैंगरेप
छातापुर(सुपौल)
सुपौल जिले में हैवानिय की एक और घटना सामने आई है। पति और सास संग कृष्णाष्टमी का मेला देखने जा रही महिला से चार लोगों ने गैंगरेप किया। हैवानियत की यह घटना जिले के छातापुर के लालगंज पंचायत में रविवार रात करीब दो बजे की है।
महिला से चार लोगों ने हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया वहीं विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के पति और सास के साथ मारपीट करने के बाद लूटपाट भी की। मामले में पीड़िता के आवेदन पर दो नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि महिला अपने पति और सास के साथ देर रात मेला देखने जा रही थी। मेलास्थल से पहले छोटी नहर के पुल के पास चार युवकों ने हथियार दिखाकर सबको घेर लिया। महिला के पति को पकड़ कर लाठी से मारपीट कर सिर फोड़ दिया और बायां हाथ भी तोड़ दिया। सास के साथ भी मारपीट की गई।
बदमाशों ने पति का मोबाइल और गले से चांदी की चेन भी छीन ली। उसके बाद चारों युवक महिला को बड़ी नहर से दक्षिण ले गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद युवकों ने केस नहीं करने वर्ना जान से मार देने की धमकी भी दी। मामले में परसा बीरबल निवासी पप्पू राम, इनरदेव राम को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष राघव शरण ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।