नक्सलियों ने आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या की
कांकेर
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में मंगलवार देर रात नक्सलियों ने पूर्व सरपंच और आरएसएस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। नक्सलियों ने पहले संघ से जुड़े दादू राम कोरटिया (40) को आवाज देकर घर से बाहर बुलाया और फिर गोली मार दी। घटना दुर्गुकोंदल के कोंडेगांव की है। एसपी कन्हैयालाल ध्रुव ने इसकी पुष्टि की है।
संघ कार्यकर्ता को आदिवासी विरोधी बताया
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10.30 बजे 20-25 हथियारबंद नक्सली दादू राम के घर आए। उन्होंने दादू राम को आवाज देकर घर से बाहर बुलाया। बाहर निकलते ही उन पर पहले कुल्हाड़ी से वार किया और फिर गोली मार दी। इसके बाद नक्सली वहां पर पर्चा फेंककर चले गए। घटना के समय घर पर दादू राम की पत्नी मौजूद थीं।