सागर में कांग्रेस पर गरजे शाह, बोले- MP में लॉ एंड आर्डर का मतलब ‘लो और आर्डर करो’

सागर
उमरिया दौरे के बाद आज बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश के सागर पहुंचे हैं। यहां बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर हमला बोला। शाह ने कहा कि शिवराज जी की सरकार में लॉ एंड ऑर्डर का मतलब था कानून-व्यवस्था।लेकिन अब प्रदेश में कांग्रेस के लिए लॉ एंड ऑर्डर का मतलब हैं- 'लो और ऑर्डर करो'। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना को किसानों के लिए श्रेयस्कर बताया और कांग्रेस द्वारा कर्जमाफी को धोखा बताया। 

अमित शाह ने कहा कि  'भाजपा के नेतृत्व में शिवराज सरकार में लॉ एंड ऑर्डर का मतलब था कानून-व्यवस्था लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद लॉ एंड ऑर्डर का मतलब हो गया है लो और ऑर्डर करो। यानी घूस लो और काम करो'।  इस दौरान शाह ने कांग्रेस सरकार द्वारा की गई किसानों की कर्जमाफी पर भी सवाल उठाए। शाह ने कांग्रेस द्वारा कर्जमाफी को धोखा बताया। शाह ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करने के लिए बड़े-बड़े दावे करती थी लेकिन अभी तक कर्ज माफी नहीं हुई। मध्य प्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ करना था और अभी तक 5 हजार करोड़ का भी कर्ज माफ नहीं किया। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के किसानों को छलने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि  'पीएम किसान सम्मान निधि' योजना के लिए पात्र किसानों की सूची अभी तक मध्य प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को उपलब्ध नहीं कराई है। जिससे यहां के किसानों को अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। शाह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार आयुष्मान भारत योजना में अड़ंगे लगा रही है। वही राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा जरा इतना बता दे कि रबी की फसल कौन सी होती है और खरीफ की कौन सी होती है। उन्हें ये नहीं मालूम कि आलू जमीन के ऊपर होता हैं या नीचे और वो हमें किसानों के लिए सलाह दे रहे हैं।  पीएम मोदी ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत की सरहदों के साथ छेड़छाड़ करने का परिणाम क्या होता है।देश की सेना ने पहले सर्जिकल स्ट्राइक और अब एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों का खात्मा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *