सहरसा और मानसी रूट के कोपरिया और बदलाघाट स्टेशन पर बनेगा फुट ओवरब्रिज

सहरसा 
सहरसा-मानसी रेलखंड में स्थित कोपरिया और बदलाघाट स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज बनेगा। फुट ओवरब्रिज निर्माण के लिए समस्तीपुर मंडल प्रशासन ने टेंडर के जरिए कार्य एजेंसी बहाल कर दिया है।
 
कटिहार के आरएन. चौधरी को दोनों स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य का ठेका मिला है। संवेदक को छह महीने में दोनों फुट ओवरब्रिज निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित भी कर दिया गया है। ईसीआर जोन के चीफ इंजीनियर के पास से एफओबी का नक्शा आते एक सप्ताह के बाद निर्माण शुरू हो जाने की संभावना है। कोपरिया में दो करोड़ 20 लाख और बदलाघाट स्टेशन पर दो करोड़ 25 लाख राशि से एफओबी निर्माण कार्य होगा।  

 फुट ओवरब्रिज की सुविधा बहाल होने के बाद हजारों यात्रियों को जान जोखिम में डालकर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर नहीं जाना पड़ेगा। बता दें कि अभी फुट ओवरब्रिज नहीं रहने के कारण दोनों स्टेशन पर यात्रियों को रेललाइन होकर आवाजाही करनी पड़ती है। रेल पटरी से गुजरने के दौरान ट्रेन की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना बनी रहती है। दोनों स्टेशन पर दो प्लेटफार्म और तीन रेललाइन की सुविधा बहाल है।

 दिसंबर से पहले सोनवर्षा कचहरी स्टेशन नए लुक में नजर आएगा। सोनवर्षा कचहरी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का 62 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य शुरू किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया की चौड़ाई बढ़ाते हुए मिट्टी भराई, सोलिंग और सड़क निर्माण का कार्य होगा। सहरसा की सर्कुलेटिंग एरिया की तरह फेवर ब्लॉक लगाकर इसे भी सुसज्जित किया जाएगा। चहारदीवारी निर्माण सहित अन्य कार्य करते स्टेशन को खूबसूरत बनाया जाएगा। इस कार्य का ठेका समस्तीपुर के राजाराम राय कंस्ट्रक्शन को मिला है।

 रेल परिसर में हरियाली लाने को सोनवर्षा कचहरी स्टेशन में पौधरोपण कार्य भी किया जाएगा। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में दोनों तरफ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्टेशन की खूबसूरती को और अधिक निखारने की कोशिश की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *