समुद्री रास्ते से पाकिस्तान कर सकता है आतंकी हमला, भारतीय नौसेना अलर्ट

 नई दिल्ली
                                                                                                                                                                               
जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी बढ़ी हुई है। अब समुद्री रास्ते से पाकिस्तान की ओर से संभावित आतंकी हमले को देखते हुए भारतीय नौसेना को हाईअलर्ट पर कर दिया गया है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि हम पश्चिमी और पूर्वी समुद्री इलाकों में हाईअलर्ट पर हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि रडार के जरिए से भी तटों पर निगरानी रखी जा रही है।

भारतीय खुफिया विभाग ने हाल ही के दिनों में आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के भाई रऊफ अजगर के पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में देखे जाने की सूचना दी है।

एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर के बाहरी इलाकों में संभावित आतंकी हमले की चेतावनी भी जारी की है। अधिकारियों ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के उस बयान का भी जिक्र किया है जिसमें पाकिस्तान ने भारत द्वारा कश्मीर में विशेष राज्य के दर्जे को खत्म किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सेना को तैयार रखा गया है और वह अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जाएगी।

बता दें कि साल 2008 में दस पाकिस्तानी आतंकियों ने समुद्री रास्ते से मुंबई में आकर 163 लोगों की जान ले ली थी। मरने वाले कई लोग विदेशी भी शामिल थे। वहीं, तीन सौ से अधिक लोग इस आतंकी हमले में घायल हो गए थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *