सनकी युवक ने प्रेमिका का गला दबाकर खुद को लगाई फांसी

बभनी
बभनी थाना क्षेत्र के रम्पाकुरर गांव में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबा कर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस को फिलहाल जांच में दोनों की मौत के कारण समझ में नहीं आ रहे हैं। लड़की के पिता का मानना है कि किसी बात पर लड़के ने उसकी लड़की का गला दबाया फिर आत्महत्या कर ली।

रम्पाकुरर गांव निवासी रामसुभग की 20 वर्षीय लड़की देवंती और ग्राम पंचायत सलेनाग के बरवा टोला निवासी मेहीलाल का 25 वर्षीय पुत्र बिहारी के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों की शादी के लिए दोनों परिवारों में एक साल पहले बातचीत चली थी। लड़के के पिता लड़की के घर शादी तय करने आए थे। उस दौरान लड़की के पिता घर पर नहीं थे। लिहाजा, बात आगे नहीं बढ़ सकी। बावजूद इसके लड़का और लड़की में मिलना-जुलना जारी रहा। कुछ महीने पहले बिहारी काम की तलाश में चेन्नई चला गया। वहां मजदूरी का काम करने लगा। दो दिन पहले वह अपने घर लौटा।

बुलंदशहर हिंसा: 44 आरोपियों के खिलाफ राजद्रोह का केस, चार्जशीट दायर
लड़की के पिता रामसुभग ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की दोपहर लगभग दो बजे बिहारी उनके यहां आया। खाना खाया और रात को रुक गया। उनकी लड़की घर के अंदर वाले कमरे में, बिहारी और वह आंगन में और लड़की की मां बाहर वाले कमरे में सो गए। सुबह साढ़े पांच-छह बजे जब उनकी नींद खुली तो देखा बिहारी अपने बिस्तर पर नहीं था। इस पर उन्होंने लड़की को आवाज दी। जवाब न मिलने पर वह उसके कमरे में गए तो देखा कि वह बिस्तर पर पड़ी है। हिल-डुल नहीं रही है। छू कर देखा तो उसमें जान नजर नहीं आई। 

इसी दौरान गांव वालों ने बताया कि घर से लगभग चार सौ मीटर दूर कौव्वा नाला के पास एक पेड़ से गमछे के सहारे लटक कर बिहारी ने फांसी लगा ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बभनी थाना के एसआई संजय पाल ने बताया कि पूछताछ और जांच में दोनों की मौत का कारण समझ में नहीं आ रहा है। पिता यही कयास लगा रहा है कि दोनों में कोई बात हुई होगी, लड़के ने लड़की का गला दबा दिया होगा। दोपहर में गांव में पहुंचे सीओ सुनील कुमार विश्नोई का कहना है कि अभी जांच की जा रही है।

लड़की के पिता ने अपनी तहरीर में आंशका जताई है कि उसकी पुत्री की हत्या गला दबाकर या फिर जहर देकर की गई है। इसलिए युवती के शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
सुनील कुमार विश्नोई, सीओ दुद्धी क्षेत्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *