संभागीय संगठन मंत्रियों के काम से संघ नाराज, नए लोगों को मिलेगा दायित्व

भोपाल
भाजपा में बतौर संभागीय संगठन प्रचारकों के काम करने के तरीके से संघ ने नाराजगी जताई है। अब संघ कुछ संगठन मंत्रियों को वापस बुलाकर नए कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंप सकता है। संघ के पांच पूर्ण कालिक कार्यकर्ता अभी संभागीय संगठन मंत्री के रूप में दस संभागों का कामकाज संभाल रहे हैं। जबकि एक संगठन मंत्री प्रदीप जोशी को संघ ने कुछ दिन पहले ही काम से हटाया है। हर्षवर्धन नगर के प्रज्ञा दीप भवन में आयोजित संघ के अनुषांगिक संगठन की बैठक में यह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल और पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल द्वारा संगठन मंत्रियों के कामकाज को लेकर भी फीडबैक लिया गया। बैठक के दौरान भाजपा का काम देख रहे संभागीय संगठन मंत्रियों के कामकाज को लेकर भी चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार संघ नेता संगठन मंत्रियों के कामकाज को लेकर खफा है जिससे कि संगठन मंत्रियों के प्रभार में बदली की जा सकती है। वहीं कुछ संगठन मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। रीवा संभागीय संगठन मंत्री जितेंद्र लिटोरिया को हटाया जा सकता है। उज्जैन संभाग से प्रदीप जोशी को पहले ही हटाया जा चुका है। वहीं शैलेंद्र बरुआ को एक दशक से यही जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उन्हें नई जवाबदारी सौंपी जा सकती है। उन्हें मप्र भाजपा का सह संगठन महामंत्री बनाया जा सकता है।

संघ के अनुषांगिक संगठनों के साथ हुई बैठक में भाजपा के अलावा भारतीय मजदूर संघ, अभा विद्यार्थी परिषद, विहिप, बजरंग दल, विद्या भारती, वनबंधु परिषद सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी अनुषांगिक संगठनों ने अपना वृत्त प्रस्तुत किया। संघ नेता ने उनके कामकाज की जानकारी ली। इस दौरान भाजपा की ओर से प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा एवं बिजेश लुनावत, प्रदेश मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल जिले के अध्यक्ष विकास वीरानी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *