शिवराज ने फिर साधा कमलनाथ सरकार पर निशाना, कर्जमाफी को बताया छलावा

भोपाल
किसानों के लिए की गई कांग्रेस की घोषणाएं सिर्फ छलावा साबित हुई हैं। सरकार अपने वादे तो पूरे कर नहीं रही, ऊपर से किसानों को परेशान किया जा रहा है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ यह धोखाधड़ी नहीं होने देगी। यह बात मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों के विरोध प्रदर्शन में संबोधित करते हुए कही। पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा।

किसानों के विरोध प्रदर्शन से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। कांग्रेस ने दो लाख तक के कर्जे को माफ करने की घोषणा की थी और यह कर्जमाफी भी 10 दिनों में होनी थी। लेकिन अब यह घोषणा खोखला वादा साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को परेशान किया जा रहा है । पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आप को किसानों का कर्जा माफ करना है, तो डायरेक्ट बैंकों से सूची लेकर उनके खातों में पैसा जमा करवा देते। किंतु सरकार किसानों के संग धोखा और छलावा कर रही है। लेकिन हम किसी कीमत पर ऐसा होने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा किसानों के साथ रही है और हमेशा किसानों के लिए लड़ती रहेगी। चौहान ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर किसानों की सूची केंद्र सरकार को नहीं भेज रही है और प्रदेश के किसानों को केंद्र सरकार से मिलने वाली 6 हजार रुपए की सम्मान निधि से वंचित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *