शिवराज के नेतृत्व में ही भाजपा लड़ेगी लोकसभा चुनाव

इंदौर
मप्र में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा प्रभारी बनाए गए उप्र के परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने इंदौर पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा समझाई। इस दौरान ‘पत्रिका’ से चर्चा में उन्होंने कहा, मैं राज्य में लगातार घूम रहा हूं। सबसे चर्चा के बाद लगा पहली बार ऐसा विधानसभा चुनाव देखा जहां कांग्रेस की सरकार बनने की खुशी के बजाय शिवराजसिंह चौहान के मुख्यमंत्री नहीं बनने का गम दिख रहा है।

2003 में दिग्विजयसिंह सरकार जाने पर खुशी मनाई गई थी। 2019 के चुनाव में जनता यह भूल सुधारेगी। कार्यकर्ताओं को पार्टी को 29 लोकसभा सीट दिलाने के लिए एक-एक घर जाकर कमल व नरेंद्र मोदी के लिए वोट मांगना होगा। विधानसभा चुनाव में हुई गलतियां सुधारेंगे। चुनाव समिति की लिस्ट में शिवराज का नाम 13वें नंबर पर होने पर उन्होंने कहा, टाइपिंग में गलती हुई है। प्रदेश में पार्टी के नेता शिवराज ही हैं। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह व संगठन के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।

लोकसभा प्रत्याशी पर गोलमोल जवाब
इंदौर से 8 बार सांसद व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन या कैलाश विजयवर्गीय को टिकट देने की चर्चा पर सिंह कुछ भी सीधे बोलने से बचे। उन्होंने कहा, महाजन की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं है। प्रदेश में हर कोई उनके और विजयवर्गीय के काम की प्रशंसा कर रहा है। दोनों पार्टी के समर्पित नेता हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से महाजन के ही चुनाव लडऩे की बात नहीं कही।

सबको साधने का प्रयास
सिंह ने बताया, फरवरी में बूथ समिति व उससे ऊपर के कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़े नेता पहुंचेंगे। 12 फरवरी से 2 मार्च तक मेरा परिवार भाजपा परिवार कार्यक्रम होगा। अमित शाह इसका शुभारंभ करेंगे। इसके तहत सभी कार्यकर्ता अपने घर व अन्य जगह पार्टी का झंडा लगाने का अभियान चलाएंगे। 26 फरवरी को कमल दीप कार्यक्रम दिवाली के रूप में मनाया जाएगा। ग्राम केंद्र-शहरी केंद्र पर सम्मेलन, युवा संवाद, सैनिक सम्मेलन, समर्पण दिवस, मन की बात, किसान सभा आदि आयोजन भी होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *