शिवपाल ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी सूची, बागपत से मोकम पहलवान को बनाया प्रत्याशी

 लखनऊ
सपा से दरकिनार होकर अपनी पार्टी बनाने वाले शिवपाल यादव ने लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। जिसमें उत्तर प्रदेश के 2 उम्मीदवार शामिल हैं। उन्होंने बागपत से चौधरी मोहम्मद मोकम उर्फ मोहकम पहलवान को उम्मीदवार घोषित किया है और गौतमबुद्धनगर से उम्मीदवार का नाम बदलते हुए जितेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर पहले मोहम्मद जावेद को प्रत्याशी घोषित किया गया था। इससे पहले शिवपाल यादव ने लोकसभा के 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। जिसमें शिवपाल यादव भी शामिल हैं। शिवपाल फिरोजाबाद सीट से प्रो. रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव के खिलाफ खुद चुनाव लड़ेंगे। 
 गौरतलब है कि शिवपाल सिंह यादव ने 2016 में सपा में सम्मान न मिलने का आरोप लगाया था। जिसके बाद भतीजे अखिलेश यादव के साथ उनका मनमुटाव हो गया था। यादव ने अगस्त 2018 में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) पार्टी का गठन किया था। हालांकि वह अभी भी सपा से ही जसवंतनगर सीट से विधायक हैं। यादव ने फिरोजाबाद सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। फिरोजाबाद सीट से शिवपाल सिंह यादव के भतीजे और सपा के महासचिव रामगोपाल यादव का बेटा अक्षय यादव मौजूदा सांसद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *