शत्रुघ्न सिन्हा ने दी सफाई, कहा- मौलाना आजाद के स्थान पर मुंह से निकल गया जिन्ना का नाम
पटना
पटना साहिब सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने मोहम्मद अली जिन्ना वाले बयान पर सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि कल उनकी जुबान फिसल गई थी। वह मौलाना आजाद कहना चाहते थे लेकिन उनके मुंह से मोहम्मद अली जिन्ना निकल गया।
दरअसल शुक्रवार को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के सौसर में कांग्रेस के उम्मीदवार नकुलनाथ के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार महात्मा गांधी से लेकर सरदार वल्लभ भाई पटेल तक, मोहम्मद अली जिन्ना से लेकर जवाहर लाल नेहरू तक, इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी और राहुल गांधी तक की पार्टी है। भारत की आजादी और विकास में इन सभी का योगदान रहा है इसीलिए मैं कांग्रेस पार्टी में आया हूं।
शत्रुघ्न सिन्हा के इस बयान को लेकर सियासत में घमासान मच गया। भाजपा विधायक नितिन नवीन ने कहा कि बिहार का संस्कार कभी जिन्ना की तरफदारी नही कर सकता। उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा ने देश को बांटने वाले की तरफदारी कर शर्मनाक काम किया है। वहीं अब सिन्हा ने अपने बयान पर सफाई पेश की है।