विवाह में हुई हर्ष फायरिंग, दूल्हे को लगी गोली, इलाज के दौरान मौत

पटना                                                                                                          
शाहपुर थाना के विजापत में रविवार को देर रात जयमाला के दौरान गोली चलने से दूल्हा और उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दोनों को सगुना मोड़ स्थित प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान सोमवार को दूल्हे सतेन्द्र राय की मौत हो गई। जबकि उसका बड़ा भाई गुड्डु राय की हालत गंभीर बनी हुई है। 

बताया जाता है कि अकिलपुर थाना के हरशामचक निवासी मदर राय के 22 वर्षीय पुत्र सतेन्द्र राय का विवाह शाहपुर के विजापत निवासी भुलेटन राय के पुत्री पूनम कुमारी से होना था। देर रात को बारात लगने के बाद जयमाला का रस्म किया गया। जयमाला के बाद दूल्हा समीप स्थित जलमासा में जा रहा था। तभी एक फायरिंग हुई,फायरिंग होते ही चीख पुकार मच गई। दूल्हा और उसका बड़ा भाई खून से लथपथ छटपटाने लगे। गोली लगने की बात फैलते ही भाग भगदड़ मच गई। 

आनन फानन में दोनों को सगुना मोड़ स्थित प्राईवेट अस्पतालमें भर्ती कराया गया। दूल्हे को गोली पैर में और उसके भाई को हाथ में गोली लगी है। दोनों को एक ही गोली गलने की बात कहीं जा रही है। गोली किसने चलाई पुलिस छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि गोली नजदीक से चलने की बात सामने आई है। छानबीन की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा।

देखते ही देखते खुशियां मातम में बदली
हर्ष फायरिंग से देखते ही देखते ही खुशियां मातम में बदल गई। गाजे बाजे सभी बंद हो गए। दूल्हा व दुल्हन के परिवार में शोक लहर दौड़ पड़ी। दुल्हन पुनम के ढ़ेरों सपने देखते ही देखते चकनाचुर हो गई। हाथों में लगी मेंहदी किस्मत का ताना देनी लगी। घटना से दोनों घरों में मातम पसर गया। भूलेटन राय ने बताया कि बड़े भागदौड़ के बाद रिश्ता मिला था। न जाने भगवान को क्या मंजूर है। उधर दुल्हन के आने का इंतजार कर रही दूल्हे की मां सीता देवी को पुत्र को गोली लगने की खबर मिली। दियारा से दोपहर में जब तक दोनों बेटे को देखने के लिए आती,तब तक छोटे बेटे की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *