विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेगा पूर्व विधानसभा क्षेत्र: घनघोरिया

जबलपुर
सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री श्री लखन घनघोरिया ने आज पूर्व विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को करोड़ों रूपये के विकास कार्यों की सौगात दी। श्री घनघोरिया ने जहां रामलीला मैदान घमापुर में 4 करोड़ रूपयों की लागत से बनने वाले बहुमंजिला सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया, वहीं इसी स्थान पर 2 करोड़ 92 लाख रूपये की लागत के जिला विकलांग पुनर्वास केन्द्र और महिला पॉलिटेक्निक के समीप 55 लाख रूपये की लागत से बनने वाले वन स्टॉप सेन्टर का भूमिपूजन किया। इसके अलावा उन्होंने सिद्ध बाबा में पानी की टंकी के पास 1 करोड़ 5 लाख रूपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला भी रखी।

सामाजिक न्याय मंत्री श्री घनघोरिया ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।  उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेगा। उनके प्रयास वर्षों से भेदभाव का शिकार रहे इस क्षेत्र को आने वाले दो वर्षों के भीतर ही शहर की शेष तीनों विधानसभा क्षेत्र के समकक्ष लाने के होंगे।  सामाजिक न्याय मंत्री ने पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आने वाले समय में कराये जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी भी दी।  उन्होंने कहा कि घमापुर स्थित शासकीय शाला का पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा।  इसके साथ ही यहां कन्या महाविद्यालय का निर्माण भी शुरू होगा तथा दस बिस्तरों का पॉलिक्लीनिक खोला जायेगा।  श्री घनघोरिया ने कहा कि करियापाथर श्मशानघाट के पास करीब 4 करोड़ 41 लाख रूपये से मिनी स्टेडियम बनाया जा रहा है। इस श्मशानघाट का भी पौने दो करोड़ की लागत से पुनरूद्धार किया जायेगा।

सामाजिक न्याय मंत्री ने इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों की सौगत मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र को विकसित और व्यवस्थित बनाने की प्रेरणा उन्होंने मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ से ली है। श्री कमलनाथ के छिंदवाड़ा के विकास के मॉडल को पूर्व विधानसभा क्षेत्र में उतारने के पूरे प्रयास उनके होंगे।  इस मामले में मुख्यमंत्री ने उन्हें फ्री हैण्ड दे रखा है।  श्री घनघोरिया ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री घनघोरिया ने पूरे विधि विधान से मंत्रोच्चार के बीच विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनिता मुकेश लोधी, पूर्व पार्षद एड. राममोहन गुप्ता कल्लन, श्री रमाकांत रावत एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *