वादों को पूरा नहीं करने के लिए भाजपा को याद किया जाएगा : चिदंबरम

 
चेन्नई 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर बरसते हुए कहा कि उसे लोगों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने के लिए याद किया जाएगा। ‘न्यूनतम आय योजना’ की विशेषताओं को स्पष्ट करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भाजपा विकास आंकड़ों पर गलतबयानी कर रही है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी)लागू कर उन्होंने (नरेंद्र मोदी) देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उपक्रमों को बर्बाद कर दिया। जब लोग भाजपा के बारे में सोचते हैं तो उनके मन में यही बात आती है कि आंकड़ों में हेरफेर कर उन्होंने यह दिखाया है कि उन्होंने विकास किया है।’ भाजपा के प्रति अपना तीखा रुख बरकरार रखते हुए चिदंबरम ने कहा,‘भाजपा को वादों को तोडऩे के लिए याद किया जाएगा। बैंक खातों में 15 लाख रुपए, किसानों की आय दोगुनी, नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण जीएसटी। अगर हम भाजपा कहते हैं तो ये चार बातें लोगों के मन में आती हैं।’

उन्होंने कहा कि केंद्र में कोई मोदी सरकार नहीं है बल्कि नई दिल्ली में सिर्फ मोदी हैं। चिदंबरम ने कहा,‘अगर आपको लगता है कि कोई कैबिनेट है। अगर आपको लगता है तो कि कोई सरकार है, आप पूरी तरह से गलत हैं। दिल्ली आइए और सात दिन रहिए। आप जान जाएंगे कि एक ही व्यक्ति है जो सरकार है। वह मोदी हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *