वरूण जैन गिरफ्तार, चार दिन की पुलिस रिमांड पर

कांकेर। कांकेर पुलिस ने नक्सलियों के शहरी नेटवर्क के सदस्यों के गिरफ्तारी में एक और महत्वूपर्ण सफलता हासिल की है,जब फरार चल रहे राजनांदगांव के लैंडमार्क रायल इंजीनियर प्रा.लि.के डायरेक्टर वरूण जैन को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया। फरार वरूण जैन पर पुलिस ने दस हजार का ईनाम घोषित कर रखा था। इस मामले में कांकेर पुलिस अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि कांकेर पुलिस ने नक्सलियों के शहरी नेटवर्क के खिलाफ जो कार्रवाई की थी उसकी भनक लगते ही वरूण जैन राजनांदगांव से फरार हो गया था। गुरूवार की रात को कांकेर पुलिस ने राजनांदगांव में वरूण जैन को गिरफ्तार कर  शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए चार दिन का रिमांड मांगा है। अदालत ने पुलिस की अपील को मंजूर करते हुए वरूण जैन को पुलिस रिमांड में भेज दिया है। बताया गया है कि वरूण जैन से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।बताया जाता है कि कांकेर के आमाबेडा-कोयलीबेडा इलाके में प्रधानमंत्री सडक योजना के तहत वरूण जैन की कंपनी ने ताबड़तोड़ सडकों का निर्माण किया। बताया जाता है कि कंपनी ने  नक्सलियों से सांठगांठ कर ली। नक्सलियों के दबाव के कारण कंपनी के सामने टेंडर प्रक्रिया में दूसरे ठेकेदार आवेदन जमा नहीं करते थे। इससे कंपनी को आसानी से ठेका मिलने लगा और इसके एवज में कंपनी मालिक के कहने पर नक्सलियों को उनकी जरूरत का सामान और वॉकी-टॉकी से लेकर अन्य वस्तुएं मुहैया की जाने लगी।
बताया जाता है कि कंपनी मालिक ने धड़ल्ले से कांकेर, राजनांदगांव, नारायणपुर क्षेत्र में सडकों का निर्माण किया। 2006 में अपने बड़े भाई निशांत जैन के साथ लैंडमार्क इंजीनियर कंपनी का निर्माण करते हूए वरूण जैन ने सडक निर्माण के लिए नक्सलियों की भरपूर मदद की। इस बीच वरूण जैन लगातार पुलिस से बचने के लिए भागता रहा। हाईकोर्ट ने भी उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी और पुलिस ने सरगर्मी से तलाश शुरू करते उसे गिरफ्तार किया। इस संबंध में कांकेर एएसपी कीर्तन राठौर ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही  रूद्रांश अर्थमुव्हर्स राजनांदगांव के दयाशंकर मिश्रा, अजय जैन राजनांदगांव, कोमल प्रसाद वर्मा राजनांदगांव, रोहित नाग कोयलीबेडा़, सुशील शर्मा मेरठ यूपी हाल-डामर प्लांट अंतागढ़, सुरेश शरणागत बालाघाट मध्यप्रदेश, शिलेन्द्र भदौरिया राजनांदगांव, राजेन्द्र कुमार सलाम ग्राम मरदा थाना कोयलीबेडा़, मुकेश सलाम कंदाडी़ थाना कोयलीबेडा़, अरुण ठाकुर कोयलीबेडा़, निशांत जैन बिलासपुर और हितेश अग्रवाल राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *