लोकसभा चुनाव धर्मयुद्ध, सायबर योद्धा तैयार रहें : शिवराज

 भोपाल 
लोकसभा चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, यह चुनाव राष्ट्रवादियों और देश को बांटने की सोच रखने वालों के बीच का चुनाव है। लोकसभा का चुनाव धर्मयुद्ध है, इस धर्मयुद्ध के लिए सायबर योद्धा तैयार रहें। मोदी सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करें वहीं विरोधियों को करारा जवाब भी दें। 
यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की प्रादेशिक बैठक में कही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने वीडिया कॉफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। बैठक में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग गुजरात के प्रदेश संयोजक एवं मध्यप्रदेश प्रभारी पंकज शुक्ला एवं प्रदेश संयोजक शिवराज सिंह डाबी ने भी संबोधित किया। प्रादेशिक बैठक में सोशल मीडिया के लोकसभा प्रभारी, सहप्रभारी, जिला संयोजक एवं सह संयोजक उपस्थित थे।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार लंगड़ी सरकार है, कब तक चले, चलते-चलते टपक जाए इसका कोई भरोसा नहीं है। लंगड़ी सरकार तो हम भी बना सकते थे लेकिन हमने जोड़-तोड़ नहीं की। हम जब भी सरकार बनाएंगे तो पूरे बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के रूप में दूसरा युद्ध हमारे सामने है, इसलिए मैं एक भी दिन हारने के बाद नहीं बैठा। आधे से ज्यादा प्रदेश में घूमा हूं। हर जगह पहले से ज्यादा जनता का प्यार मिल रहा है, जनता में हमारी सरकार जाने की मायूसी हैं। मैं हर जगह जनता से पूछता हॅू कि हमसे क्या भूल हुई, जो ये सजा हमको मिली। तो जनता कहती है कि मामा हमसे भूल हो गई थी। उन्होंने कहा कि जनता को अब भाजपा और कांग्रेस सरकार में फर्क समझ में आ गया है।  

बूथ स्तर के समर्थकों तक पहुंचाएं उपलब्धियां : भगत

    प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि यह चुनाव मोदी वर्सेस ऑल का चुनाव है। इस चुनाव में महागठबंधन का एकमात्र उद्देश्य मोदी हटाओ है। कांग्रेस झूठ और भ्रम के आधार पर चुनाव लड़ेगी हमें उसका करारा जवाब देना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने साढ़े चार वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता और हमारे समर्थकों तक पहुंचाने की अहम जिम्मेदारी हमारी है। 

//हारने के बाद जहां जाता हूं हीरो जैसा होता है स्वागतः शिवराज//

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम में कहा कि हारने के बाद भी मेरा हीरो जैसा स्वागत हो रहा है। पहले से भी ज्यादा लोगों का प्यार मिल रहा है। लोगों को भाजपा और कांग्रेस में समझ आ गया है। अब लोग आंखों में आंसू लिए कहते है जल्दी लौट आओ मामा। इससे पहले शिवराज कॉमन मैन के बाद खुद को टाईगर बता चुके हैं। शिवराज ने कहा कि मैंने जनता से कहा हमसे क्या भूल हुई जो ये सजा हमको मिली तो जनता ने कहा मामा भूल हो गई थी। लोगो को अब भाजपा और कांग्रेस सरकार में फर्क समझ मे आ गया है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *