लोकसभा चुनाव के टिकट बंटवारे के बाद BJP में सब ठीक नहीं, दो नेताओं ने छोड़े व्हाट्सएप ग्रुप

नई दिल्ली 
लोकसभा चुनावों (Loksabha Elections 2019) के टिकट बंटवारे के बाद बीजेपी (BJP) में सब ठीक नहीं है। दिल्ली प्रदेश बीजेपी के तीन में से दो महामंत्रियों कुलजीत चहल और राजेश भाटिया ने गुरुवार को 'बीजेपी ऑफिस बेयरर्स' नाम से बने व्हाट्सएप ग्रुप को छोड़ दिया है। ग्रुप छोड़ने से दोनों नेताओं के नाराज होने की चर्चा तेज हो गई है।

दरअसल, दोनों महामंत्री लोकसभा चुनावों के लिए टिकटों की दावेदारी कर रहे थे। कुलजीत चहल पूर्वी दिल्ली से तो राजेश भाटिया नई दिल्ली लोकसभा सीट के लिए टिकट मांग रहे थे। मगर, पार्टी ने पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर और नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी को टिकट दिया है। हाल ही में टिकट कटने से नाराज होकर सांसद डा. उदित राज ने पार्टी छोड़ दी थी। इसलिए कुलजीत चहल और राजेश भाटिया के ग्रुप छोड़ने को उनकी नाराजगी माना जा रहा है। हालांकि, दोनों महामंत्री पार्टी से किसी तरह की नाराजगी से इनकार कर रहे हैं।
 
दो अधिकारिक ग्रुप हैं

दिल्ली प्रदेश भाजपा के दो अधिकारिक ग्रुप हैं। दोनों ही ग्रुप में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत तमाम मोर्चों के पदाधिकारी और पूर्व विधायक, निगम पार्षद, पूर्व निगम पार्षद समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। पार्टी के जिस व्हाट्एसएप ग्रुप से दोनों महामंत्रियों ने खुद को अलग किया है मुख्यत: वही ग्रुप अधिक एक्टिव रहता है। दूसरे ग्रुप का नाम 'ऑफिशियल बीजेपी ग्रुप' है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *