राहुल की नागरिकता पर उठे सवाल, प्रियंका गांधी बोली- यह सबसे बड़ी बकवास

 
नई दिल्ली

 कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी नागरिकता के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के लिए गृह मंत्रालय ने मंगलवार को उन्हें नोटिस भेजा है। गृह मंत्रालय को भाजपा के सांसद डॉ. सुब्रहमण्यम स्वामी ने पत्र लिखकर राहुल की नागरिकता के बारे में शिकायत की थी। मंत्रालय ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए गांधी को उनकी नागरिकता के बारे में 15 दिन के अंदर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। वहीं राहुल को भेजे नोटिस पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे बकवास करार दिया। प्रियंका ने कहा कि मैंने इतना बड़ा बकवास कभी नहीं सुना। राहुल यहीं पैदा हुए हैं और उनकी परवरिश भी यहीं हुई है।
 
प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी हिंदुस्तानी हैं और इसमें किसी तरह के प्रमाण देने की जरूरत नहीं है। वहीं इससे पहले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि 2003 में बैकऑप्स लिमिटेड नाम की कंपनी यूके में रजिस्टर्ड हुई और फिर 2009 में बंद हो गई। उन्होंने कहा कि हमारे पास कंपनी शुरू होने और बंद होने के दस्तावेज हैं, इसके अलावा कंपनी के वार्षिक रिटर्नस के दस्तावेज भी हैं, जो दो बार फाइल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस कंपनी के दस्तावेजों में राहुल ने खुद को ब्रिटिश नागरिक बताया है और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर गृह मंत्रालय से शिकायत की गई है।
 
बता दें कि स्वामी ने अपनी शिकायत में कहा कि गांधी 2003 में ब्रिटेन हैंपशायर स्थित एक कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल थे। कंपनी की 2005 और 2006 में दायर वार्षिक रिटर्न में गांधी की जन्मतिथि 19 जून 1970 बताई गई है और उन्होंने स्वयं को ब्रिटिश नागरिक बताया है। वर्ष 2009 में भी इसी कंपनी के दस्तावेजों में गांधी को ब्रिटिश नागरिक बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *