राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार प्रदेश दौरे पर, आठ फरवरी को भोपाल में

भोपाल 
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आठ फरवरी को भोपाल में ढाई घंटे रहेंगे। इस दौरान वे सभा स्थल पर करीब दो घंटे देंगे। विधानसभा चुनाव में मिली कांग्रेस को जीत के बाद राहुल गांधी पहली बार प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। वे जीत के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देने के साथ ही लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान भी आभार रैली के जरिए करेंगे। 

जंबूरी मैदान पर होने जा रही आभार रैली की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। राहुल गांधी की रैली के लिए बड़ा मंच बनाया जा रहा है। इस मंच पर राहुल गांधी के साथ ही मुख्यमंत्री एवं पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, विवेक तन्खा, दीपक बावरिया और राजमणि पटेल तो पहले पंक्ति में बैठेंगे। इसके बाद वाली पंक्ति में प्रदेश सरकार के मंत्रियों को बैठाया जाएगा। मंच पर बैठने वालों के नाम पहले से तय किए जा रहे हैं। 

विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने भोपाल में रोड शो करने के बाद गोविंदपुरा दशहरा मैदान पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। इस सभा में रेंप भी बनाया गया था। उन्होंने रेंप पर आकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की थी, उनके सवालों के जवाब भी दिए थे। इस बार ऐसा नहीं होगा। राहुल गांधी मंच से ही अपनी बात कार्यकर्ता और जनता के सामने रखेंगे। इस बार के उनके कार्यक्रम में सवाल-जवाब का दौर नहीं होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *