रायगढ़ की पूर्व सांसद रजनीगंधा देवी का निधन

रायगढ़
पूर्व सांसद श्रीमती रजनीगंधा देवी का 82 वर्ष की उम्र मे आज सुबह रायपुर के एक अस्पताल मे निधन हो गया। वे सारंगढ के राजा नरेशचन्द्र सिंह की बेटी थीं और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की ओर से सांसद रह चुकी थीं। वे 1967 मे चौथी लोकसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। उनके पति कर्नल वीरेन्द्र सिंह का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है।

1968 मे विवाह के बाद से वे जबलपुर मे रहती थीं। पति की मृत्यु के बाद वे सारंगढ मे तथा अपनी बेटी के साथ रायपुर मे रहती थीं। बेटी नन्दिता सिंह राजकुमार कॉलेज मे शिक्षक हैं। पुत्र चन्द्रवीर के जबलपुर से पंहुचने के बाद उनका अंतिम संस्कार कल सुबह रायपुर मे किया जाएगा।  श्रीमती रजनीगंधा राजा नरेशचन्द्र सिंह की सबसे बड़ी  संतान थीं तथा पूर्व मंत्री श्रीमती कमला देवी, पूर्व सांसद सुश्री पुष्पा देवी सिंह और डॉ. मेनका देवी सिंह की बड़ी बहन थीं।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने पूर्व सांसद श्रीमती रजनीगंधा देवी के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतात्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को दुख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। श्रीमती रजनीगंधा देवी का 82 वर्ष की उम्र मे आज सुबह रायपुर के एक अस्पताल मे निधन हो गया। वे सारंगढ के राजा नरेशचन्द्र सिंह की बेटी थीं और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुकी थीं। वे 1967 मे चौथी लोकसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *