राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुषमा के निधन पर जताया गहरा शोक

 लखनऊ। 
भारत की पूर्व विदेश मंत्री एवं बीजेपी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। सुषमा स्वराज को रात करीब 9:30 बजे एम्स अस्पताल लाया गया और उन्हें सीधे आपातकालीन वॉर्ड में ले जाया गया। एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है।

राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुषमा जी एक संवेदनशील राजनीतिज्ञ थीं। उन्होंने देश की राजनीति में लंबे समय तक अहम भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। वहीं, मुख्यमंत्री ने अपने शोक सन्देश में कहा कि सुषमा स्वराज वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं। वे उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की जानकार थीं। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे। उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी शोक जताते हुए कहा कि वे हमारी नेता ही नहीं, मार्गदर्शक भी थीं। उनके निधन से हम सब स्तब्ध हैं। ग्राम्य विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. महेन्द्र सिंह ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुषमा स्वराज का असामयिक निधन भाजपा ही नहीं बल्कि पूरे राज्य की अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *