राजस्थान रॉयल्स ने पूछा फेवरेट प्लेयर, DC ने ‘विराट स्टाइल’ में बताया बेन स्टोक्स का नाम
नई दिल्ली
विश्व क्रिकेट इस समय खतरनाक कोरोना महामारी से जूझ रहा है। इसके चलते ही दुनिया की चर्चित लीगों में से एक आईपीएल 29 मार्च से 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित हो गया है। ऐसे में सभी क्रिकेटर घर में रहकर अपने परिवार वालों के साथ समय बिता रहे हैं और कई तरह के इंटरेस्टिंग चैलेंज पूरा कर रहे हैं। इसमें आईपीएल फ्रेंचाइजी भी पीछे नहीं हैं और ट्वीट के जरिए लोगों का मनोरंजन कर रही हैं।
क्रिकेट फैन्स के लिए वो मजेदार पल बन गया जब आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने दूसरी अन्य फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स से एक सवाल पूछा कि हमारी टीम से किस खिलाड़ी को आप अपने टीम में शामिल करना पसंद करेंगे। इस सवाल का रिप्लाई करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने जो जवाब दिया वो काफी मजेदार है। दिल्ली कैपिटल्स ने रिप्लाई करते हुए लिखा कि, हम अपनी टीम में मैच विनर ऑलराउंडर रखना पसंद करेंगे, लेकिन तब आपका रिएक्शन होगा, ऐसे कैसे बेन स्टोक्स।
बता दें कि बेन स्टोक्स आईपीएल ही नहीं बल्कि दुनिया के बेस्ट आलराउंडर हैं। उन्होंने आईपीएल में 22.68 की औसत से 635 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 132.02 का है। गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 31.08 की औसत से 26 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकोनमी रेट 8.26 का रहा है।