योग दिवस पर दिग्विजय का PM मोदी पर तंज, ‘आप अच्छे इवेंट मैनेजर’

भोपाल
 दुनियाभर में आज 5वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है|  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देश के तमाम शहरों में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है| इसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने योग कार्यक्रमों पर सवाल उठाते हुए कहा जिस प्रकार से पीएम मोदी आप इसे मीडिया इवेंट बना रहे हैं, यह पूर्ण रूप से अनुचित है। उन्‍होंने कहा कि आप अच्‍छे इवेंट मैनेजर से अच्‍छे मीडिया मैनेजर भी बन गए हैं।  आपकी सफलता का यही राज है। है ना?

दरअसल, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सिलसिलेवार ट्वीट कर पीएम मोदी पर योग कार्यक्रमों को लेकर निशाना साधा है| उन्होंने लिखा "मोदी जी योग को आप प्रचारित कर रहे हैं उसके लिये बधाई। लेकिन योग ध्यान प्रणायम अनेक प्रकार के होते हैं और हर व्यक्ति के शरीर की बनावट पर यह निर्भर करता है कि कौन सा आसन ध्यान प्रणायम उसके शरीर के लिये उपयुक्त होगा"। उन्होंने आगे लिखा जिस प्रकार से आप इसे मीडिया ईवेन्ट बना रहे हैं यह पूर्ण रूप से अनुचित है। हर व्यक्ति को उसके शरीर की बनावट के आधार पर किसी अच्छे वैद्य के मार्ग दर्शन में ही योग आसन करना चाहिये अन्यथा हर कोई आसन उसका नुक्सान भी कर सकता है। योग को आयुर्वेद चिकित्सा के साथ जोड़ना ही उचित होगा"।

अच्छे मीडिया मेनेजर हैं मोदी

दिग्विजय ने निशाना साधते हुए कहा "अडवाणी जी ने ठीक ही कहा था आप बड़े अच्छे ईवेन्ट मेनेजर हैं। मैं उसमें यह भी जोड़ना चाहता हूँ कि आप अच्छे ईवेन्ट मेनेजर के साथ बहुत अच्छे मीडिया मेनेजर भी है। आपकी सफलता का यही राज है। है ना?

40 वर्षों से योग कर रहा हूँ

दिग्विजय सिंह ने कहा, 'मैं पिछले 40 वर्षों से योग, ध्यान और प्राणायाम कर रहा हूं। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए इससे और कोई अच्छा तरीका नहीं है।' बता दें कि अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के रांची में योग किया। इस दौरान पीएम मोदी के साथ करीब 25 हजार लोगों ने योग में हिस्‍सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने 'हृदय के लिए योग' का नारा दिया।

शिवराज ने किया पलटवार

दिग्विजय सिंह के सवालों पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह सच है कि मीडिया के कारण ही योग का प्रसार हुआ है। व्यक्ति खुद बोलकर कितना प्रचार प्रसार करेगा। शिवराज ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मीडिया के चलते घर घर तक योग पहुंचा है। वरना इतने योग गुरु कहा से लाते जो घर घर योग को पहुंचाते। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह और सभी कांग्रेसियों को प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहिए कि उन्होंने देश को एक ऐसा इवेन्ट दिया जिससे जन जन जुड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *