योगी से बोले बसपा नेता- ‘मुख्यमंत्री जी डंडा और जोर से चलाइये, कानून व्यवस्था दुरुस्त है’

 लखनऊ                                                                                                                                                    
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर बुलाए गए विशेष सत्र में गुरुवार को बसपा के विधायक असलम राईनी ने शिरकत कर सबको हैरत में डाल दिया। उन्होंने संबोधन शुरू किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की खूब तारीफें कीं तो कुछ मुद्दों पर कमियां भी गिनाईं। कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए बोले, 'मुख्यमंत्री जी आपका डंडा ठीक चल रहा है। इसे थोड़ा और जोर से चलाइये… कानून व्यवस्था ठीक है और दुरुस्त हो जाएगी।' 

वह कुछ हिचके तो विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने चुटकी लेते हुए कहा, 'जब प्यार किया तो डरना क्या… खुलकर बोलिए।' दोपहर करीब एक बजकर 12 मिनट के आसपास बसपा के बहराइच की भिन्ना विधानसभा से विधायक असलम राईनी अचानक सदन में आ गए। उनके देख सभी हतप्रभ रह गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी उनके आने से कुछ ही देर पहले सदन में आए थे। राईनी के सीट पर बैठने से पहले ही भाजपा के सदस्यों ने मेजें थमथपा कर उनका जोरदार स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने तुरंत टिप्पणी की, 'देखिए कितना जोरदार खैरमकदम हो रहा है आपका…।' इस पर सदन ठहाकों से गूंज उठा।

राईनी ने बोलना शुरू किया तो इस्लाम धर्म का एक किस्सा बयां करते हुए कहा कि कुछ हो न हो मेरा नाम तो इतिहास में दर्ज हो जाएगा कि महात्मा गांधी के आदर्शों व सिद्धांतों पर चर्चा के लिए बुलाए गए सत्र में मैं शामिल हुआ। उन्होंने कहा कि वह अपनी अंतरआत्मा की आवाज पर सदन में आए हैं। इससे यह न समझा जाए कि वह भाजपा में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से मिलने वाली रकम लोगों के मरने के बाद तेरहवीं पर पहुंचती थी लेकिन मुख्यमंत्री योगी जी भले ही बाहर रहे हैं, चाहे दिल्ली से लौटें लेकिन देर रात तक लोकभवन पहुंचकर सबसे पहले मरीजों को मिलने वाली मदद की फाइल साइन करते हैं। अब जिलों में डीएम तीन दिन में आर्थिक सहायता की संस्तुति कर रहे हैं।

मैं सच कहूंगा तो भी झूठ कहलाएगा

राईनी ने एक शेर कहा, 'मैं सच कहूंगा तो भी झूठ कहलाएगा… वह झूठ बोलेगा फिर भी लाजवाब कर देगा…।' कहा कि श्रावस्ती शहर में ही 560 मुस्लिम परिवारों को पीएम आवास योजना के तहत मकान मिला है। मैंने पूछा तो उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में उन्होंने भाजपा को वोट दिया था। मैं इसके लिए बधाई देता हूं। बोले, भिनगा से लक्ष्मणपुर जाने वाली सड़क खराब है उसे ठीक करवा दें। मेरे घर के सामने ही गड्ढे हैं। उन्हें ठीक करा दिया जाए। बोले, मुख्यमंत्री पूरे सदन के सभी विधायकों के संरक्षक हैं, पिता है। उन्हें राजनीतिक भावना से ऊपर उठकर विधायकों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना चाहिए। उन्होंने अपने ऊपर दर्ज मुकदमा भी वापस लेने की मांग की।

जब प्यार किया तो डरना क्या….

राईनी सरकार की तारीफें करते हुए कुछ हिचके तो विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने मुगल-ए-आजम फिल्म के गीत की लाइनें कहते हुए उन पर तंज किया… कहा, 'जब प्यार किया तो डरना क्या…' इस पर राईनी बोले मैं लाइनें पूरी कर देता हूं… तेरी महफिल में किस्मत आज़मा कर हम भी देखेंगे…। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा हर धर्म संप्रदाय की बेटियों को शादी के लिए 50 हजार रुपये अनुदान दिए जाने पर सरकार की सराहना की।

आज़म खां पर दर्ज मुकदमे वापस ले सरकार

राईनी ने मांग की कि सरकार को विद्वेष भावना से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। अगर किसी विधायक पर मुकदमा दर्ज होता है तो मुख्यमंत्री का नाम बदनाम होता है। इसलिए आजम खां पर दर्ज 83 मुकदमों को वापस लेना चाहिए। इस पर भाजपा सदस्यों ने शोर-शराबा शुरू कर विरोध किया। उन्होंने भूमाफिया पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि मेरी दो जिलों में जमीनों पर भूमाफिया ने कब्जा कर रखा है, उसे हटवाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *