मौसम विभाग ने आज के लिए जारी किया अलर्ट, कल से मिल सकती है गर्मी से राहत

नई दिल्ली
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे तक लू का कहर जारी रहने की अनुमान जताया है। विशेषकर उत्तर और मध्य भारत के इलाके ज्यादा झुलसेंगे। बुधवार को भी कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के निकटवर्ती आंतरिक हिस्सों और मैदानी भागों में जारी शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण अभी चल रही लू के अगले 24 घंटे तक जारी रहने की आशंका है। उसने कहा कि विदर्भ, पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग जगह पर भीषण लू चलने की आशंका है। उसने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों तथा पंजाब, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, तेलंगाना के सुदूर इलाकों और कर्नाटक के उत्तरी आतंरिक इलाकों में अगले 24 घंटे तक लू चलने की आशंका है।
 
आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से 29 और 30 मई को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना भी है। वहीं दक्षिणपश्चिम मानसून भी प्रगति कर रहा है। मौसम विभाग ने कहा कि मानसून बंगाल की खाड़ी के कुछ इलाकों, अंडमान सागर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह की ओर आगे बढ़ा है। मालदीव-कोमोरिन इलाके में भी मानसून के प्रगति के अनुकूल स्थितियां हैं। दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी में इलाकों में भी अगले 48 घंटों में मानसून सक्रिय रहेगा। 

यूपी में 50 से 60 किमी. प्रति घंटे आंधी फिर बारिश होगी
मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के दौरान गुरुवार को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं। लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है। शुक्रवार व शनिवार को भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

बुधवार को प्रदेश में गीष्म लहर का प्रकोप जारी रहा। इस दौरान प्रयागराज, बांदा और झांसी सबसे गरम स्थान रहे। इन तीनों जिलों में दिन का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर, इटावा, वाराणसी, हमीरपुर  में 45 डिग्री सेल्सियस दिन तापमान रहा। अलीगढ़ और आगरा में दिन का तापमान 44 डिग्री रिकार्ड हुआ।

लखनऊ और आसपास के इलाकों में पारा-43 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दोपहर बाद इस पूरे क्षेत्र में बादलों ने डेरा डाल दिया। जिसकी वजह से तपन से थोड़ी राहत मिली। उधर, भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की सक्रियता भी शुरू हो रही है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के दक्षिणी हिस्से और बंगाल की खाड़ी में अगले दो दिनों में मानसून सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं।

बूंदाबांदी से पारा कम, उमस से आगरा का फूला दम 
ताजनगरी में सोमवार से मंडरा रहे बादल आखिर बुधवार को बरस पड़े। कहीं बूंदाबांदी तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इससे तापमान कम हुआ लेकिन उमस का स्तर बढ़ गया। भीषण गर्मी के साथ हल्की बरसात के बाद खुले में सांस लेने में दिक्कत हुई। सिर्फ एसी के सामने ही राहत मिली। कूलर भी काम नहीं कर पाए। दोपहर में हवा के गर्म थपेड़ों ने सताया।

उत्तराखंड में अगले चार दिन बारिश, ओलावृष्टि की संभावना
उत्तराखंड में गुरुवार से मौसम में बदलाव होगा। मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश भर में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। 28 और 29 को पहाड़ों में ओलावृष्टि और मैदानों में झक्कड़ चलने की चेतावनी जारी की है। 

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश भर में बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 28 से 31 मई तक प्रदेशभर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अनेक जगह हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 28 और 29 मई को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही ओलावृष्टि होगी। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गरज के साथ झक्कड़ चलने की संभावना है। वहीं 30 और 31 मई को पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। जबकि मैदानी क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

खूब तप रहा मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर बुधवार को पारा 46 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जिसके चलते राजधानी भोपाल सहित अन्य कई स्थानों पर जमकर दपिश देखी गई। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं का प्रभाव राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में देखा गया। इसका सबसे अधिक प्रभाव रीवा, शहड़ोल, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर और होशंगाबाद संभागों के अलावा नरसिंहपुर, खंडवा, खरगोन, रायसेन और राजगढ़ जिलों में देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

हिमाचल में 2 जून तक बरसेंगे बादल, चेतावनी 
भीषण गर्मी से तप रहे हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से मौसम के मिजाज में बदलाव आने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में 2 जून तक अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में आंधी के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी दी है। यह चेतावनी जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी 10 जिलों के लिए है और इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *