मोदी सरकार पर जमकर बरसे भूपेश, बोले – 15 लाख देने का वादा करने वाले 500 रुपए दे रहे हैं

रायपुर
 बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित जन आकांक्षा रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश ने ठेठ भोजपुरी अंदाज में बिहार की जनता से कहा, का हाल बा बिहार? एकदम गरदा उड़ा देला।

रैली में मुख्यमंत्री भूपेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में लोग कहते हैं कि एक बिहारी सब पर भारी, यहां तो लाखों का जनसैलाब है। छत्तीसगढ़ के बाद अब बिहार और पूरे देश की जनता तड़ीपार और जुमलेबाजों को सबक सिखाएगी।

भूपेश ने कहा कि कहा कि देश में संकट के बादल गहरा रहे हैं। संविधान खतरे में है, संवैधानिक संस्था खतरे में है, किसान संकट में है, बेरोजागारी चरम पर है, संगठित लूट हो रही है। लेकिन मुझे यकीन है बिहार एक बार फिर उठ खड़ा होगा।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, राहुल गांधी संघर्ष कर प्रतीक है। राहुल गांधी के नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने तीन चौथाई बहुमत हासिल की है। राहुल गांधी ने नई राजनीति की शुरुआत की है। वे अपने हर वादे को पूरा करते हैं।

भूपेश ने मोदी सरकार के बजट पर तंज कसते हुए कहा कि 15 लाख रुपए देने का वादा करने वाले किसानों को 500 रुपए दे रहे हैं। भूपेश ने कहा, सभी को मिलकर एनडीए के खिलाफ लडऩा होगा और इस बार देश के विपक्षी दलों को मिलकर एनडीए को सत्ता से हटाने का भरपूर प्रयास करना चाहिए।

इससे पहले जब भूपेश पटना पहुंचे तो उन्होंने ठेठ भोजपुरी अंदाज में ट्वीट किया। सब ठीक बा न?? गंगा मईया और बिहार की जनता के गोर लागी। आज आप सभी से पटना के गांधी मैदान में मुलाकात होगी। राहुल गांधी जी को सुनने के लिए आप लोग तैयार हैं न? आज का दिन बड़ा ऐतिहासिक है। एकदम गरदा उड़ा देना है।

कांग्रेस ने जन आकांक्षा रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस शासित राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कमलनाथ एवं भूपेश बघेल के साथ अन्य राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *