मोदी को अपशब्द कहने के लिए जमा लोगों के ग्रुप फोटो की तरह है SP-BSP-RLD गठबंधन: सिंह

 
लखनऊनई दिल्ली

समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन उन लोगों के ‘ग्रुप फोटो’ की तरह है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपशब्द कहने के लिए एकजुट हुए हैं और वे लोग राज्य की 80 सीटों में 7 से ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएंगे। सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इन तीनों दलों (सपा-बसपा-रालोद) का ‘गठबंधन’ मोदी से भयभीत है और उन्होंने इस गठबंधन का मजाक उड़ाने के लिए हिन्दी फिल्म के एक पुराने गीत ‘साथी हाथ मिलाना साथी रे’ का जिक्र किया।

उल्लेखनीय है कि अमर सिंह की करीबी सहयोगी जयाप्रदा हाल में भाजपा में शामिल हो गईं। वह सपा से दो बार लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव में ‘किंगमेकर’ होंगे। उन्होंने कहा कि जैसा कि मोदी जी कहते हैं, कहां है गठबंधन? वे लोग मोदी जी से डरते हैं और ‘साथी हाथ मिलाना रे’ कर रहे हैं। अब कहां है ममता (बनर्जी)? वामदल और कांग्रेस कहां है? राहुल (गांधी) कहते हैं कि ममता या भाजपा एक ही हैं और कांग्रेस के लिए भी यही है। यह गठबंधन मोदी को अपशब्द कहने के लिए एक ग्रुप फोटो है।

राज्य में गठबंधन की चुनावी संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वे एक साथ मिलकर राज्य की कुल 80 लोकसभा सीटों में केवल सात सीटें ही हासिल कर पाएंगे। राज्य में 7 चरणों में चुनाव होना है। सपा के भविष्य के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में राज्यसभा के पूर्व सदस्य ने कहा कि पार्टी अब काफी विभाजित है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब सपा देश में सभी राजनीतिक पार्टियों में तीसरे स्थान पर आती थी। उनसे जब यह पूछा गया कि क्या वह किंगमेकर होंगे और जयाप्रदा के (भगवा पार्टी में शामिल होने) बाद क्या वह भी भाजपा से हाथ मिलायेंगे। इस पर सिंह ने कहा कि इस चुनाव में अमित शाह ‘किंगमेकर’ के रूप में काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *