मुरादाबाद में पलटी ट्रैक्टर ट्रॉली, 6 लोगों की मौत, दो दर्जन से ज्यादा घायल 

 मुरादाबाद।
 
मुरादाबाद लाकड़ी फाजलपुर गांव के 6 लोगों की हादसे में मौत हो गई। यह सभी नाख़ूनका गांव में एक दावत से देर रात वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली हाईवे किनारे खाई में पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई जबकि दो दर्जन महिला एवं बच्चे घायल हैं। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम नाखूनका में जितेंद्र सिंह के घर पार्टी थी। मुरादाबाद की लाकडी फाजलपुर गांव से रिश्तेदार शामिल होने गए थे। देर रात सभी मेहमान ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर वापस लाकडी फाजलपुर के लिए चल दिए। नाखूनका से निकलते ही तेज गति ट्रैक्टर ट्रॉली के सामने कार के ब्रेक लगने पर चालक नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली रोड किनारे गहरी खाई में पलट गई। चीख-पुकार से ग्रामीण उठकर मौके पर पहुंचे। इस बीच सूचना गांव के दूसरे छोर पर जितेंद्र के घर तक पहुंची। इसके बाद जितेंद्र के परिवार के सदस्य और मेहमान मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ में ट्रैक्टर ट्राली को पलट कर नीचे दबे महिला पुरुष और बच्चों को बाहर निकाला।

इसमें 45 वर्षीय शीला देवी 12 वर्षीय किशोर भोला 40 वर्षीय गब्बर सिंह दो महिला और एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घायल काफी देर तक रोड किनारे चीखते चिल्लाते रहे। उनको सरकारी एंबुलेंस निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिलारी पहुंचाया गया। जहां से मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी और जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *