मुख्यमंत्री ने कंडेल को दी सौगातें : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर कंडेल में खुलेगा महाविद्यालय

   रायपुर

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कंडेल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘गांधी विचार पदयात्रा’ के दौरान एक विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर कंडेल में महाविद्यालय प्रारंभ करने, माडमसिल्ली बांध का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के नाम पर करने, गर्मी की फसलों के लिए बांधों से पानी देने, पुल निर्माण और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हजारी लाल जैन के नाम पर शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक शाला गोपालपुरी का नामकरण करने की घोषणा की।

    मुख्यमंत्री ने आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कंडेल की पावन धरती पर अंग्रेजों द्वारा सिंचाई कर लगाने के निर्णय के विरोध में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव ने कंडेल नहर सत्याग्रह प्रारंभ किया था। इस नहर सत्याग्रह में शामिल होने के लिए महात्मा गांधी कंडेल आने वाले थे। यह सूचना मिलने पर अंग्रेजों को सिंचाई कर हटाना पड़ा। कंडेल नहर सत्याग्रह की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए कंडेल से ‘गांधी विचार पदयात्रा’ प्रारंभ की जा रही है। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और कृृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बापू ने किसानों, मजदूरों की लड़ाई लड़ी। नारी शिक्षा, नारी उत्थान और स्वावलम्बन के लिए काम किया। उन्होंने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आजादी दिलाई। देश की आजादी के लिए इसके पहले कहीं भी अहिंसा आंदोलन नहीं हुआ था। महात्मा गांधी ने अहिंसा को आम जनता की ताकत बनाया और इसके बल पर देश को आजादी दिलायी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *