मुंबई उत्तर सीट: चुनाव में एक बार फिर फिल्म जगत की हस्ती

 
मुंबई

इसी हफ्ते कांग्रेस में शामिल हुईं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को पार्टी ने मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। मातोंडकर को भाजपा के सांसद गोपाल शेट्टी के खिलाफ उतारा गया है। शेट्टी ने 2014 के चुनाव में मुंबई कांग्रेस के पूर्व प्रमुख संजय निरूपम को हराया था।
 
उर्मिला मातोंडकर 1990 के दशक में हिंदी सिनेमा की शीर्ष अभिनेत्रियों में गिनी जाती थीं। उन्होंने ‘रंगीला, ‘सत्या’, ‘खूबसूरत’, ‘जुदाई’ ‘जंगल’ और कई अन्य कामयाब फिल्मों में काम किया। पूर्व में कांग्रेस ने मुंबई उत्तर सीट से लोकप्रिय अभिनेता गोविंदा को उतारा था और उन्होंने जीत हासिल की थी।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी शेट्टी के खिलाफ किसी चर्चित चेहरे को उतारना चाहती थी। इसी वजह से मातोंडकर के नाम को चुना गया। भाजपा नेता राम नाइक ने 1989 और 1999 के बीच इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। राम नाइक अभी उत्तर प्रदेश के राज्यपाल हैं। वर्ष 2004 में गोविंदा ने राम नाइक को हरा दिया। गोविंदा 2009 का चुनाव नहीं लड़े। इस सीट पर निरूपम को जीत मिली थी।

कांग्रेस ने मुंबई की चार अन्य सीटों पर अपने उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी है। मुंबई उत्तर-पश्चिम से निरूपम, मुंबई उत्तर-मध्य से प्रिया दत्त, मुंबई दक्षिण से मिलिंद देवड़ा और मुंबई दक्षिण-मध्य से एकनाथ गायकवाड़ को उम्मीदवार बनाया है।     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *