मिलावटखोरों की सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम : मंत्री सिलावट

भोपाल

मिलावटखोरों के विरूद्ध शुरू किये गये अभियान में आज उज्जैन में बेकरी सॉर्टनिंग नाम पर नकली घी बनाने के आरोपी कीर्ति वर्धन केलकर के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) में कार्यवाही की गई। रासुका की पहली कार्यवाही पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आम जनता की ओर से पुलिस प्रशासन को सम्मानित किया।

मंत्री  सिलावट ने उज्जैन में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में आम आदमी के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जा सकता। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरों की सूचना देने वाले को इनाम दिया जाएगा और उसका नाम गुप्त रखा जाएगा।

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन रविन्द्र सिंह ने बताया कि गत 20 जुलाई से मिलावटखोरों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान में विभिन्न खाद्य पदार्थों के 1468 नमूने लिये गये हैं। राज्य खाद्य प्रयोगशाला द्वारा नमूनों का विश्लेषण किया जा रहा है। प्रयोगशाला में 413 नमूने विश्लेषण की प्रक्रिया में हैं। इनमें से 40 नमूनों की जाँच पूरी हो चुकी है। जाँच में 20 नमूने मानक, 15 नमूने सब-स्टेन्डर्ड और 3 नमूने मित्याछाप के पाये गये हैं। ग्वालियर जिले में 3, राजगढ़ में 2, खरगोन और गुना जिलों में 1-1 मिलावटखोरों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज करायी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *