मालदीव के पूर्व उपराष्ट्रपति को स्वदेश वापस भेजा गया

 नयी दिल्ली 
भारत में राजनीतिक शरण के लिये मालवाहक जहाज से बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे मालदीव के पूर्व उपराष्ट्रपति अहमद अदीब अब्दुल गफूर को उनके देश वापस भेज दिया गया है। वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण अधिकारियों ने उन्हें जहाज से उतरने की अनुमति नहीं दी। तूतीकोरिन में पुलिस के एक अधिकारी ने 'पीटीआई को बताया, ''मालदीव के नेता आधी रात को तूतीकोरिन से रवाना हो गये।

अदीब बृहस्पतिवार को एक मालवाहक जहाज से चालक दल के नौ सदस्यों के साथ यहां पहुंचे थे, लेकिन उन्हें जहाज से उतरने की इजाजत नहीं दी गयी। पुलिस ने बताया कि अदीब उसी जहाज से स्वदेश लौट गये। तटरक्षक कर्मियों ने जहाज को भारतीय समुद्री क्षेत्र से जाते हुए देखा था। उन्होंने बताया कि विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों ने जहाज पर ही उनसे पूछताछ की।

अदीब का प्रतिनिधित्व कर रहे ब्रिटेन के एक वकील ने बताया कि मालदीव के नेता ने भारत में राजनीतिक शरण मांगी थी क्योंकि उन्हें अपने देश में जान का खतरा है। नयी दिल्ली स्थित आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मालदीव के नेता को भारत में प्रवेश की इसलिए इजाजत नहीं दी गयी क्योंकि वह निर्धारित प्रवेश बिंदु से प्रवेश नहीं कर रहे थे और उनके पास वैध दस्तावेज भी नहीं था। उन्होंने बताया कि उन्हें निर्वासित किए जाने से संबंधित खबरें गलत हैं। सूत्र ने कहा, ''चूंकि वह भारत में नहीं हैं इसलिए एक बार फिर हम यही कहना चाहेंगे कि उन्हें हिरासत में लिये जाने या भारत में गिरफ्तार किये जाने संबंधित खबरें गलत हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *