महेंद्र सिंह सिसोदिया ने किया बीमा चिकित्सालय का निरीक्षण

भोपाल
मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने आज यहाँ सोनागिरी क्षेत्र में संचालित कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक कर्मचारी को निलंबित करने और एक चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं। सिसोदिया ने कहा कि संगठित क्षेत्रों में काम करने वाले कामगारों के लिए प्रदेश में राज्य बीमा कर्मचारी निगम द्वारा संचालित सभी चिकित्सालयों में बेहतर स्वास्य सुविधाएँ मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने चिकित्सालय में निरीक्षण के दौरान 2 करोड़ 8 लाख रुपये लागत के रिनोवेशन कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान सिसोदिया ने चिकित्सालय के सभी वार्डों में दरवाजों और खिड़कियों पर मच्छर जाली लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में वाटर कूलर लगाने और चिकित्सालय में बंद बड़ी सोनोग्राफी मशीन चालू कराने के लिये शीघ्र ही रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने के निर्देश दिये। उन्होंने चिकित्सालय की अधीक्षक डॉक्टर सत्यवती हेमान्द्री को वार्ड बॉय और अन्य रिक्त पदों की डिमांड भेजने के लिये निर्देशित किया है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के ओपीडी, स्टोर रूम, कीचिन शेड, सर्जिकल वार्ड, नेत्र चिकित्सा वार्ड, महिला वार्ड आदि का भ्रमण किया। लोगों से चिकित्सालय की व्यवस्थाओं और इलाज के विषय में चर्चा की। उन्होंने रसोईघर में अव्यवस्थायें मिलने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए रसोईघर इंचार्ज विनीत विल्सन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा इंचार्ज चिकित्सक डॉ. सी.एम. केसरी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों को रिनोवेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने और आगामी दस दिनों में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *