महिला ने दिया एक साथ चार बच्चों को जन्म, सभी स्वस्थ

 
लखनऊ

राजधानी के सीतापुर रोड स्थित हर्षा हॉस्पिटल में बुधवार रात एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं। डॉक्टरों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा सभी स्वस्थ हैं। गोंडा निवासी रिहाना (27) को प्रसव पीड़ा उठने पर सीतापुर के जिला अस्पताल ले जाया गया था। परिजनों के अनुसार, हालत नाजुक बताते हुए डॉक्टरों ने रिहाना को लखनऊ रेफर कर दिया। बुधवार रात आठ बजे रिहाना को हर्षा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

 यहां की डॉ. आशा मिश्रा ने तुरंत ऑपरेशन किया। आधे घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद चार बच्चों का जन्म हुआ। डॉ. आशा के अनुसार प्रसव का समय पूरा नहीं हुआ था। आठ महीने की गर्भवती होने के कारण ऑपरेशन क्रिटिकल था। हालांकि, जच्चा-बच्चा सभी पूरी तरह ठीक हैं। ऑपरेशन करने वाली टीम में एनेस्थेटिक डॉ. पूर्णेंदु मिश्रा, डॉ. वैभव जैन शामिल रहे। 

क्वीनमेरी में छह महीने पहले आया था ऐसा केस 
क्वीनमेरी अस्पताल की डॉ. मंजूलता ने बताया कि छह महीने पहले एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया था। उन्होंने बताया कि अक्सर ऐसे मामले आते हैं, जब महिलाएं एक साथ दो, तीन या चार बच्चों को जन्म देती हैं। ऐसी स्थिति में ज्यादातर प्रीटर्म डिलिवरी हो जाती है। बच्चे भी प्रीमैच्योर होते हैं। 

पहली बार करवाई चार बच्चों की डिलीवरी 
डॉ. आशा मिश्रा ने बताया कि उन्होंने पहली बार एक साथ चार बच्चों की डिलिवरी करवाई है। अक्सर ऐसे केस आईवीएफ के चलते होते हैं, लेकिन यह केस नैचुरल है। उन्होंने दावा किया है कि शहर के किसी अस्पताल में ऐसा केस उन्होंने पहले कभी नहीं सुना। हालांकि, कुछ सरकारी अस्पतालों में ऐसे केस सामने आए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *