महाराष्ट्र में 83000केस, मुंबई ने 51000 संक्रमितो के साथ वुहान को पछाड़ा

 

मुंबई
जिसका डर था, वही हुआ। देश में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित शहर मुंबई (Coronavirus in Mumbai) ने अब चीन के वुहान (Wuhan) को भी पीछे छोड़ दिया है। आज की तारीख में मुंबई में कोरोना संक्रमित मामले 51 हजार के आंकड़े को पार कर गए हैं। वहीं कोरोना के पहले मुख्य केंद्र रहे वुहान में कुल 50,340 केस रेकॉर्ड किए गए थे।

मुंबई में कोरोना के कहर ने चीन के वुहान को पीछे छोड़ दिया है। मुंबई, देश का पहला ऐसा शहर है जहां शुरू से संक्रमण के सबसे अधिक मामले रहे। देश की आर्थिक राजधानी में मुंबई में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 51 हजार को पार कर गई है। एक दिन पहले मुंबई में कोरोना के मामले वुहान से पीछे थे। वुहान ही चीन का शहर है, जहां से कोरोना पूरी दुनिया में फैला।

पूरे महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 82 हजार 968 हो गई है। राज्य में 37 हजार 390 लोग रिकवर कर चुके हैं। मरने वालों की संख्या 2969 हो गई है। वहीं बात भारत की करें तो देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2 लाख 77 हजार हो गई है। देश में 7745 लोग इस वायरस की वजह से दम तोड़ चुके हैं।

महाराष्ट्र के पुणे में कोरोना केस 10 हजार से अधिक हो गए हैं। यहां 442 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र से इस बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। बीते 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना संक्रमण का कोई नया केस नहीं आया है। महाराष्ट्र पुलिस में अब कोरोना के कुल केस 2,562 हैं, इनमें से 34 की मौत हो चुकी है।

मुंबई में एक दिन में सबसे अधिक मौत
मुंबई में भी सोमवार को एक दिन में सबसे अधिक 64 मौतें हुईं जबकि पूरे महाराष्ट्र में 109 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया। मुंबई के बाद देश में दूसरा नंबर दिल्ली का है, जहां 29,943 कोरोना मरीज हो चुके हैं। दिल्ली में भी सोमवार को 62 मौत हुई जबकि गुजरात में 31 और तमिलनाडु में 17 लोगों की जान गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *