महाराष्ट्र में एक दिन में 3874 मामले, 1.28 लाख के पार गई कोरोना मरीजों की संख्या

मुंबई
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले सवा लाख के ऊपर जा चुके हैं, मगर इसके बावजूद स्थिति कहीं से भी नियंत्रण में आती नहीं दिख रही है। रोज ढाई-तीन हजार से ज्यादा मरीज सामने आने से हालात और बदतर होते जा रहे हैं। 20 जून को मिले आंकड़े बेहद परेशान करने वाले हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य में 3874 नए मरीज मिले हैं जिसके बाद राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 1,28,205 तक पहुंच गई है। हालांकि राहत की एक बात यह है कि इनमें से करीब आधे मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 64,153 तक पहुंच गई है। राज्य में इस वक्त ऐक्टिव मरीजों की संख्या 58,054 है। इसके अलावा शनिवार तक पूरे राज्य में 5984 लोगों कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। शनिवार को पूरे राज्य में पिछले 24 घन्टों में कुल 160 लोगों की मौत हुई है। सबसे चिंताजनक हालात राजधानी मुंबई में हैं। यहां कुल मरीजो की संख्या 65,329 तक पहुंच गई है। मुंबई में अब तक कुल 3561 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई के धारावी झुग्गी इलाके में शनिवार को कोविड-19 के केवल सात नए मामले सामने आए जो एक दिन में सबसे कम मामले हैं। यह इलाका कभी कोरोना वायरस महामारी का हॉटस्पॉट था। धारावी में संक्रमण के मामले अब 2158 हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से एक और मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या 80 हो गई है।

50.04 फीसदी रिकवरी रेट, 4.67 फीसदी पहुंची मृत्यु दर
शनिवार तक पूरे राज्य में 7,54,000 लोगों के नमूने लिए गए हैं। इनमें से 1,28,205 (17 फीसदी) लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पूरे राज्य में तकरीबन 5,94,719 लोगों को होम क्वारंटीन करवाया गया है। 25,099 लोगों को इंस्टिट्यूशनल क्वारंटीन में रखा गया है। महाराष्ट्र में शनिवार तक रिकवरी रेट 50.04 प्रतिशत बताया गया है जबकि राज्य में मृत्य दर 4.67 प्रतिशत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *