महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रज्ञा ने शहीद हेमन्त करकरे का किया अपमान
भोपाल
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी नेता छगन भुजवल ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर सुनील जोशी की हत्या का आरोप था जिस पर शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें जेल भेजा था। प्रज्ञा ने शहीद हेमन्त करकरे का अपमान किया। हेमंत करकरे की जांच के बाद प्रज्ञा को गिरफ्तार किया गया था। यह बात भुजवल ने आज भोपाल में पत्रकार वार्ता में कही। भुजवल यहां पर कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह के पक्ष में प्रचार करने के लिए आए हुए हैं।
भुजवल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार की तुलना में अब देश में आतंकवाद कई गुना बढ़ गया है। इसके बाद भी ये शहीदों के नाम पर वोट मांग रहे हैं। जबकि राहुल गांधी ने कभी भी इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत पर वोट नहीं मांगे। भुजवल ने कहा कि पुलवामा की घटना से पहले केंद्र सरकार को सचेत किया गया था। इसके बाद भी केंद्र सरकार ने लापरवाही की। इस लापरवाही के लिए प्रधानमंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए था।
वहीं पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी आज भोपाल आ रहे हैं। वे दिग्विजय सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे। इस दौरन वे शाम को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर मीडिया से भी बातचीत करेंगे।