मप्र की कांग्रेस सरकार में अब भी भाजपा के चार मंत्री और सीएम है शिवराज !

इंदौर
प्रदेश में सरकार चाहे कांग्रेस की आ गई है, लेकिन भाजपा के चार नेता अब भी मध्यप्रदेश शासन में मंत्री बने हुए हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की जो लिस्ट कल जारी की, उससे तो यही खुलासा हो रहा है। इसको लेकर कांग्रेसियों ने चुटकी लेना शुरू कर दी है।

भाजपा को सत्ता के सिंहासन से जनता ने तो उतार दिया, लेकिन लगता है कि इनका सत्ता मोह कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। सत्ता में बने रहने की अभिलाषा अब भी बरकरार है और इसे भूल कहें या 15 साल की आदत, अपने नाम के आगे मंत्री जोडऩा भूले नहीं हैं। ताजा मामला लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा का है। भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई ने कल इसकी घोषणा की और लिस्ट जारी की। लिस्ट में कुल मिलाकर 16 नेताओं के नाम हैं, हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से चार नेताओं नरोत्तम मिश्र, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र शुक्ल और लालसिंह आर्य के नाम के आगे अब भी मंत्री, मध्यप्रदेश शासन लिखा है। इनमें से तीन विधायक हैं, लेकिन आर्य तो अब विधायक भी नहीं हैं।

राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश भाजपा तक यही हाल

केवल प्रदेश भाजपा ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी अब तक यह नहीं मान पा रही है कि मध्यप्रदेश की सत्ता उनसे छिन गई है। तभी तो मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय भाजपा के पोर्टल पर भी दी गई जानकारियों के अनुसार शिवराजसिंह चौहान अब भी प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और सीएम हाउस में ही रहते हैं।

कांग्रेस ने किया ट्रोल

इसको लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्विटर पर ट्रोल करते हुए लिखा है कि बड़े ही आश्चर्य की बात है कि म.प्र. चुनाव प्रबंधन समिति में 13 नंबर पर सुशोभित सिर्फ शिवराज सिंह चौहान के आगे पूर्व सीएम लिखा है। बाकी कांग्रेस सरकार जाने के बाद भी नरोत्तम मिश्र, भूपेंद्र सिंह और राजेंद्र शुल्क के आगे मंत्री लिखा है। वहीं लालसिंह आर्य के आगे भी मंत्री लिखा है, जबकि वे विधायक भी नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *