मध्‍यप्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले-जनजागरण करेगी भाजपा

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर जिस तरह भ्रम फैलाया जा रहा है उसे दूर करने के लिए भाजपा प्रदेश में घर-घर जाकर जनजागरण करेगी। उन्होंने कहा कि इसके समर्थन में तिरुपति में लोग जिस तरह आगे आए उससे स्पष्ट है कि जल्दी ही यह कुंहासा छंट जाएगा।

तिरुपति की रैली में संबोधित किया शिवराज सिंह चौहान ने
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने तिरुपति की रैली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून बनाकर बापू का सपना साकार किया। देश विभाजन के बाद सितम्बर, 1947 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू, सिख और अन्य अल्पसंख्यक अगर वहां न रहना चाहें, तो भारत आ सकते हैं।

उन्‍होंने कहा कि भारत सरकार का यह कर्त्तव्य है कि वह उनकी मदद करे। प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून बनाकर बापू के इस सपने को साकार किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपने निजी स्वार्थों के लिए देश को आग में झोंकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून किसी के खिलाफ नहीं है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा इस कानून की सच्चाई बताने के लिए जन जागरण कार्यक्रम चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *