मध्यप्रदेश: एक दर्जन स्थानों पर शीतलहर व पाला की चेतावनी

भोपाल 
मध्यप्रदेश में कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानों पर शीतलहर और पाला पड़ने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। प्रदेश में ठंड ने काफी कहर बरपाया है। उत्तरी मैदानी इलाके सर्द मौसम की मार का सबसे ज्यादा प्रभाव झेल रहा है। राज्य में कई स्थानों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से कपकपा देने वाली सर्दी का दौर प्रदेश में कई स्थानों पर बना हुआ है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्से में आने वाले सतना, रीवा, पन्ना, टीकमगढ़, बालाघाट, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला और दमोह के साथ ही पश्चिमी हिस्से में आने वाले ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, बैतूल, होशंगाबाद में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं शीतलहर चलने के आसार है। 

वैज्ञानिकों ने बताया कि रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, होशंगाबाद, बैतूल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला और बालाघाट जिले में कहीं-कहीं पाला पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में मामूली रुप से गिरावट के अलावा कोई बदलाव होने के आसार नही है। ठंड का मिजाज और शीतलहर का प्रभाव फिलहाल कम से कम दो दिनों तक बने रहने का अनुमान है। राज्य के उत्तरी हिस्से में कहीं-कहीं शुष्क मौसम के साथ मध्यम से घने कोहरे का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा सुबह के शुरुवाती घंटों के दौरान शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश के कई स्थानों पर कई दिनों से न्यूनतम तापामन 2 डिग्री से 4 डिग्री के बीच बना हुआ है। पिछले दिनों राज्य के बैतूल, खजुराहो और मंडला जिले में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। 

राज्य के पश्चिमी हिस्से में आने वाले अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 22 डिग्री से 26 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इस हिस्से में आने वाले पर्यटन नगरी पचमढ़ी में आज न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस इलाके में दूसरे स्थानों की अपेक्षा सबसे ज्यादा ठंडा शहर पचमढ़ी रहा। इसके बाद बैतूल और तीसरा स्थान खरगौन रहा जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आने वाले अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इस इलाके में आने वाले उमरिया सबसे ठंडा शहर रहा यहां पर न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस और दूसरे स्थान पर नौगांव रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेष स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में हवाओं के रुख में बदलाव के चलते पिछले कई दफा मौसम ने मिजाज बदला है। यहां रात के पहर में सर्दी का असर दिन की अपेक्षा ज्यादा रहता है। यह स्थिति कई दिनों से लगातार बनी हुई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *