भ्रष्ट नेताओं को राजनीति से दूर रखे जनता : जेपी नड्डा

बोकारो 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने कहा कि भ्रष्ट नेताओं को राजनीति से दूर रखने के लिए जनता को हमेशा पहल करनी चाहिए। 

नड्डा ने यहां चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र स्थित बरमसिया में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्ट नेताओं को राजनीति से दूर रखने के लिए जनता को हमेशा पहल करनी चाहिए। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड समेत पूरे देश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर थी। उसी समय देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभाली और झारखंड की कमान रघुवर दास को सौंप कर देश और इस प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया गया। 

नड्डा ने कहा कि विकास के कार्य संपूर्ण देश और झारखंड में किए जा रहे हैं इसलिए इस राज्य का कायाकल्प करने के लिए एक बार पुन: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनाना जरूरी हो गया है।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर को विशेष अधिकार देने वाले अनुच्छेद 370 को समाप्त कर कश्मीर के दबे-कुचले, दलित और बच्चों को उनका हक दिलाने के लिए एक कारगर पहल की है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की कार्यकुशलता की सराहना अमेरिका जैसे विकसित राष्ट्र को भी करनी पड़ रही है।    

सभा को झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, मंत्री अमर कुमार बाउरी, सांसद पशुपतिनाथ सिंह, विधायक बिरंचि नारायण ने भी संबोधित किया। इस मौके पर अन्य नेता एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *