भाजपा के एजेंडे में 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को पेंशन देना है: देवेन्द्र फडनवीस

लातूर, (महाराष्ट्र) 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने कहा कि वह दोबारा अपने पद पर बने रहने को महत्वपूर्ण नहीं मानते लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दोबारा चुना जाना देश की सुरक्षा से जुड़ा है। फडनवीस शनिवार को यहां मुरूड में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि  60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को पेंशन योजना लागू करने वाला भारत पहला देश है। किसानों के लिए पेंशन योजना शुरू करना भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल है। मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने सिर्फ किसानों के कल्याण के लिए ही नहीं काम किया बल्कि सूखा प्रभावित इलाके के किसानों की भी आर्थिक मदद की। उन्होंने कहा कि मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सतत प्रयास किया और जनता के हित के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की। उन्होंने कहा कि मोदी चाहते हैं कि जिन लोगों के पास घर नहीं है, उन्हें 2022 तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिले। फडनवीस ने कहा कि यहां रेलवे फैक्ट्री कोच का निर्माण कर लोगों को रोजगार दिया जायेगा जो हम लोगों के लिए गर्व की बात होगी। किसानों को फसल बीमा के रुपये नहीं मिलने के आरोपों को उन्होंने खारिज किया। सरकार ने सूखा प्रभावित मराठवाडा में जल संरक्षण योजना चलायी जिससे हमेशा के लिए पानी की समस्या दूर हो जायेगी।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *