भरोसेमंद निवेश नीति के लिए शीर्ष उद्योगपतियों ने की मुख्यमंत्री कमल नाथ की सराहना

 भोपाल

मध्यप्रदेश में भरोसेमंद निवेश लाने और रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही एक समृद्ध और खुशहाल मध्यप्रदेश बनाने के लिए आज से इंदौर में शुरू हुई मेग्नीफिसेंट एमपी शीर्षक इन्वेस्टर समिट में देश के शीर्ष उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री  कमल नाथ द्वारा अपने अल्प कार्यकाल के दौरान किए गए कामों की न केवल सराहना की बल्कि प्रदेश में निवेश के लिए पैदा किए गए विश्वास को अपनी स्वीकृति भी दी।

मुख्यमंत्री  कमल नाथ के गतिशील नेतृत्व से प्रभावित हुआ :  मुकेश अंबानी

रिलायंस ग्रुप के चेयरमेन और देश के शीर्ष उद्योगपति  मुकेश अंबानी ने कहा कि मध्यप्रदेश को एक विजनरी और समर्पित नेतृत्व  कमल नाथ के रूप में मिला है। उन्होंने वेबकास्ट के जरिए मेग्नीफिसेंट एमपी में भागीदारी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री  कमल नाथ की पिछली मुम्बई यात्रा के दौरान उनसे जो मुलाकात हुई, उस दौरान वे उनकी निवेश के प्रति प्रतिबद्धता को देखकर चकित हुए।  अंबानी ने कहा कि मैं इस प्रतिष्ठापूर्ण समारोह में भागीदारी करना चाहता था लेकिन रिलायंस ग्रुप की बोर्ड मीटिंग के कारण इसमें शामिल नहीं हो पा रहा हूँ। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रो-इन्वेस्टर्स पॉलिसी अमल में लाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि मुझे मध्यप्रदेश से विशेष लगाव है। यहाँ के जंगल, वन्य-जीव और जो पारिस्थितिकी है, वह यहाँ की अर्थ-व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता ऐसा राज्य है, जहाँ कोरिया, जर्मनी और फ्रांस के मुकाबले सर्वाधिक जियो का डेटा उपयोग होता है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के लोगों को धन्यवाद दिया।  अंबानी ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रो बिजनेस और प्रो ग्रोथ पॉलिसी है जिससे प्रदेश का चौतरफा विकास होगा।  अंबानी ने बताया कि वे मध्यप्रदेश में 45 जगहों पर लॉजिस्टिक सेंटर बनाएंगे।

50 साल के कारोबारी जीवन में कमल नाथ जैसा नेता नहीं देखा –  एन. निवासन

इंडिया सीमेंट के चेयरमेन  एन. निवासन ने कहा कि अपने 50 साल के कारोबारी जीवन में मैंने  कमल नाथ जैसा नेता नहीं देखा। मध्यप्रदेश को सही अर्थों में एक ऐसा नेता मिला है जिसके पास नेतृत्व की क्षमता और दृष्टि है और जो प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वे एक ऐसे नेता है जिन्होंने मध्यप्रदेश की ताकत को पहचाना है और जिनके पास प्रदेश के विकास को लेकर एक स्पष्ट विजन है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर उनकी जो मुलाकातें हुई हैं उसमें उनकी निर्णय क्षमता ने बेहद प्रभावित किया है। वे एक तेज गति से काम करने वाले मुख्यमंत्री है।

विकास की नीति निवेश को प्रोत्साहित करती है –  आदि गोदरेज

गोदरेज ग्रुप के चेयरमेन  आदि गोदरेज ने कहा कि मुख्यमंत्री  कमल नाथ की विकास की नीति मध्यप्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि उनका प्रदेश से गहरा नाता रहा है। भविष्य में भी वे निवेश का विस्तार करते रहेंगे।

 कमल नाथ जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं –  विक्रम किर्लोस्कर

किर्लोस्कर ग्रुप के चेयरमेन  विक्रम किर्लोस्कर ने कहा कि मेग्नीफिसेंट एमपी के आयोजन में मैं देख रहा हूँ कि मुख्यमंत्री  कमल नाथ के काम, उनकी गति और विजन की स्पष्ट छाप दिखलाई दे रही है। वे एक ऐसे राजनीतिक नेतृत्व देने वाले व्यक्ति हैं, जो कहते हैं उसे करके दिखाते हैं।

मुख्यमंत्री  कमल नाथ के कौशल विकास के तरीके और सोच तारीफे काबिल –  राकेश भारती

भारती इंटरप्राइजेस के वाईस चेयरमेन और एमडी  राकेश भारती ने मुख्यमंत्री  कमल नाथ की लेंड बैंक नीति की तारीफ की। उन्होंने मुख्यमंत्री के कौशल विकास के तरीकों की तारीफ करते हुए बताया कि प्रदेश में उनकी कम्पनी द्वारा 8 हजार 500 करोड़ रूपए का निवेश किया गया है।  भारती ने बताया कि राज्य के 4 हजार स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जाना चाहिए, जिससे 12वीं पास होते-होते कम से कम एक कौशल बच्चों के पास हो।  भारती ने राज्य सरकार द्वारा खाद्य प्र-संस्करण क्षेत्र को प्राथमिकता देने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।

ट्राइडेंट ग्रुप मध्यप्रदेश में तीन हजार करोड़ का निवेश करेगा –  राजेन्द्र गुप्ता

ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमेन  राजेन्द्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि  कमल नाथ की सोच के अनुरूप ट्राइडेंट ग्रुप मध्यप्रदेश में तीन हजार करोड़ का निवेश करेगा। इससे 1500 परिवारों को लाभ मिलेगा।

फोकस ईवेंट के लिए  कमल नाथ बधाई के पात्र हैं –  संजीव पुरी

आईटीसी के चेयरमेन  संजीव पुरी ने मेग्नीफिसेंट एमपी के आयोजन के फोकस की सराहना करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए सकारात्मक लक्षण हैं कि खाद्य प्र-संस्करण और कृषि उद्योगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने निवेश और उद्योगों के विकास के लिए मुख्यमंत्री के विजन की सराहना की।  पुरी ने आश्वस्त किया कि वे सरकार को पूरा सहयोग करेंगे।

 कमल नाथ के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर बढ़ रहे हैं-  मार्क जाराल्ट

लैप इंडिया के प्रबंध संचालक  मार्क जाराल्ट  ने कहा कि मुख्यमंत्री  कमल नाथ के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए संसाधनों विशेषकर पानी और बिजली की भरपूर उपलब्धता है।

उद्घाटन समारोह को वे सन फार्मास्युटिकल के चेयरमेन  दिलीप संघवी, एचईजी के चेयरमेन  रवि झुनझुनवाला और सीआईआई महानिदेशक  चंद्रजीत बैनर्जी ने भी संबोधित किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *